पलामू में नाटक की दुनिया का सबसे बड़ा नाम पुलिन मित्रा का फिल्म निर्माण में जोरदार कदम

पलामू में नाटक की दुनिया का सबसे बड़ा नाम पुलिन मित्रा का माना जाता है। अब इन्होंने फिल्म निर्माण में जोरदार कदम रखा है। लगातार सामाजिक समस्याओं और बेहतर समाज निर्माण की प्रेरणा देनेवाली कहानियों पर शॉर्ट फिल्म बनाने वाले पुलिन मित्रा अब बड़ी फिल्में भी बना रहे हैं। धमाकेदार शुरुआत इन्होंने की फिल्म “डिफरेंट ” से। आगामी 15 अक्टूबर को इनकी भोजपुरी फिल्म सितमगर का प्रीमियर शो है। और एक और फिल्म लगभग तैयार हो चुकी है जिसका नाम है काली!
भोजपुरी फिल्म सितमगर भूमिका फिल्मस के बैनर तले बनी है। इसकी कहानी किसान आत्महत्या पर केंद्रित है। कैसे किसान कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं और फसल अच्छी न होने पर आत्महत्या तक करने को मजबूर हो जाते हैं। लेकिन उनकी हर मौत आत्महत्या नहीं होती! बहुत बार हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जाता है। इस फिल्म में फौजी के दमदार किरदार में जाने माने कलाकार हमीद जी, उनकी पत्नी के रूप में नवोदित अभिनेत्री रिनू शर्मा, बतौर अभिनेता कमल रंजीत, अभिनेत्री रागिनी चौरसिया, सेकेंड लीड रोल में बलराम झा, उनकी अभिनेत्री के रूप में प्रियंका चरित्र भूमिका में मुंबई से आए युगांत बद्री पांडे,प्रसिद्ध राम और शर्मिला शुमि ( समाजसेविका), खलनायक की भूमिका में मनोज पंडित, उमाशंकर मिश्रा , अन्य भूमिकाओं में सुधीर मिश्रा, प्रकाश ठाकुर, अनिल चौधरी, प्रदीप कुमार सिन्हा मुख्य तौर पर हैं। स्क्रीन प्ले और डायरेक्शन श्री पुलिन मित्रा का, प्रोडक्शन कंट्रोलर श्रीमती सरबरी मित्रा, डीओपी विकास कुमार ॠषि, मेकअप तारक चौधरी का है।
इस फिल्म का प्रिमियर गांधी स्मृति टाउन हॉल में 15 अक्टूबर को शाम पांच बजे से है। इसके लिए सहयोग राशि मात्र 99 रूपये रखी गई है। टिकट कल्याण फार्मेसी, छमुहान चौक स्थित माँ सर्वेश्वरी मोबाइल, साईं चौक नावाटोली के साईं हार्डवेयर में उपलब्ध है। टाऊन हॉल में स्थान सीमित है, इसलिए जल्द से जल्द टिकट बुक करा लें। क्योंकि यहाँ सिनेमा हॉल फिलहाल नहीं है इसलिए अभी बड़े पर्दे पर इस फिल्म को आप नहीं देख पाएंगे। पलामू की धरती पर बनी इस फिल्म में ज्यादातर कलाकार पलामू के ही हैं। कुछ कलाकार मुंबई और कोलकाता के हैं। ज्यादातर लोकेशन भी पलामू का ही है।


















