नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के समर्थन में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा पदयात्रा का आयोजन

वाराणसी :- राष्ट्रीय सेवा योजना महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ गंगापुर एवं भैरव तालाब परिसर वाराणसी द्वारा “नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023” के जन जागरूकता हेतु आज परिसर में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया |कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासनिक भवन, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ,महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर से प्रातः 11:30 बजे हुआ | पदयात्रा में छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की |
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत गंगापुर वाराणसी की अध्यक्ष स्नेहलता सेठ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और ऐसे कार्यक्रम समाज में महिला सम्मान एवं समान अवसर की भावना को मजबूत करते हैं |
इस अवसर पर विशेष आमंत्रित अंतर्राष्ट्रीय महिला मुक्केबाज सुश्री दीपिका तिवारी ने युवतियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर संघर्ष से महिलाएं किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर सकती हैं उन्होंने छात्राओं से खेल,शिक्षा और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा |
कार्यक्रम में वक्ताओं ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण की प्रेरणादायी मिसाल बताया साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला आरक्षण और महिला गरिमा को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की गई |
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महिला सुरक्षा,मिशन शक्ति और आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रयासों को भी इस पद यात्रा की प्रेरणा बताया गया | कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के शिक्षा एवं महिला उत्थान संबंधी विचारों को भी विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक बताया गया |
पदयात्रा के दौरान स्वयंसेवकों ने “नारी सम्मान,राष्ट्र का अभिमान”,“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” तथा “महिला सशक्तिकरण, विकसित भारत का आधार” जैसे नारों के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया | छात्राओं ने महिला अधिकार, सुरक्षा,शिक्षा और समान भागीदारी के समर्थन में शपथ भी ली |
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों,शिक्षकों,स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर जन-जागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया | मंच संचालन डाक्टर अविनाश कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन डाक्टर रमेश मिश्रा के द्वारा किया गया | इस अवसर पर भारी संख्या में महिलाएँ,छात्र छात्राएं,अध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ||




























