दबंगो ने कर लिया सार्वजनिक भूमि-मंदिर पर अवैध कब्जा

…….दाह संस्कार के बाद क्रियाक्रम होने वाली जमीन पर हुआ अतिक्रमण, ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
…….गुहार लगाने के बाद भी नही हटा अतिक्रमण,हो सकती है अनहोनी
……वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार स्थित मोहल्ला कुशपाल नगर में मोहल्ले के प्राचीन सार्वजनिक कुंआ, मंदिर और उसके आसपास की जमीन, आम रास्ते पर स्थानीय निवासी लाखन पुत्र पन्ना, सीमा पत्नी स्वर्गीय काजू, वीरेन्द्र, साधना, रीमा, बबली भारतीय वगैरह ने अवैध कब्जा कर लिया है। इसी कुंआ और प्राचीन शिवजी के मंदिर के आसपास की खाली सार्वजनिक भूमि पर मृत्यु के अंतिम संस्कार के बाद घाट नहाने का एवं अन्य क्रिया कर्म होता था जिस पर दबंगो ने अवैध निर्माण कर जबरन शौचालय भी बनवा लिया है। इस अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए स्थानीय मोहल्ला निवासी रामनरेश, माधुरी देवी, हीरामनी, प्रीतम, सोनी देवी, रीता देवी, शिवरतन, राजेश,पुष्पा देवी, गायत्री देवी, ममता देवी, मीनू देवी, रेनू, रिंकी देवी, कार्तिक प्रसाद सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट से लगायत नगर निगम, थाना दिवस, विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से मिलकर कई बार लिखित शिकायत दर्ज कराया है। बावजूद इसके अतिक्रमण और अवैध निर्माण नही हटा है। कारवाई नही होने के कारण ग्रामीणों में काफी गहरा रोष व्याप्त है और कभी भी कोई बड़ी अनहोनी की घटना हो सकती है। देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब नींद से जागते है और उस सार्वजनिक स्थान को कब्जे और अतिक्रमण से मुक्त कराकर सैकड़ों ग्रामीण लोगों को राहत देते है। खास बात यह है कि सैकड़ों ग्रामीण अतिक्रमण हटवाने के लिए अधिकारियों के कार्यालय के लगातार चक्कर लगा रहें है तो वही मनबढ़ किस्म के लोग जबरदस्ती और भी अधिक अतिक्रमण करते चले जा रहें है। जो ग्रामीण विरोध कर रहा है उसे अतिक्रमणकारियों द्वारा जान से मारने की और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी मिल रही है। यदि अतिक्रमण और अवैध कब्जा नही हटा तो क्रिया कर्म एवं अन्य कार्यक्रम करना भी मुश्किल हो जाएगा जो परम्परा वहां वर्षो से चली आ रही है।


















