तकनीकी रूप से सक्षम युवा ही करेंगे विकसित भारत का प्रतिनिधित्व–प्रो० रजनीश कुंवर

हरिश्चंद्र महाविद्यालय में पांचवे चरण में मोबाइल का हुआ वितरण
वाराणसी 13 फरवरी, हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रदेश सरकार की योजनान्तर्गत 8 चरण के पांचवे चरण में आज बी०कॉम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने मोबाइल प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य प्रो० रजनीश कुंवर ने कहा कि 21 सदी के नए भारत में आज युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम होना बेहद जरूरी है। ऐसे में राज्य सरकार की यह पहल नि:संदेह न केवल युवाओं को तकनीकी रूप से समृद्ध बनाएगी बल्कि रोजगार के अवसर भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होंगे। विद्यार्थियों से आह्वाहन करते हुए प्राचार्य ने कहा कि यह हम सभी की महती जिम्मेदारी है की तकनीकी का दुरुपयोग न होने पाए।
इस मौके पर महाविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो० अशोक कुमार सिंह ने कहा कि आज जबकि वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान एक शक्तिशाली देश के रूप में स्थापित हो रहा है। ऐसे में यह सामूहिक जिम्मेदारी है की प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के सपने को पूर्ण करने का संकल्प ले।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो० बी के निर्मल ने बताया कि 8 चरणों में चलने वाले इस कार्यक्रम के पांचवे चरण में आज बी०कॉम के 273 विद्यार्थियों में मोबाइल का वितरण हुआ। उन्होंने बताया की अभी तक हुए पांच चरणों के मोबाइल वितरण में विभिन्न विषयो के तृतीय वर्ष के 1279 विद्यार्थियों को मोबाइल वितरित किया जा चुका है।
इस अवसर पर प्रो० संजय श्रीवास्तव, डॉ० राम आशीष, डॉ० आलोक सिंह, डॉ० वंदना पांडेय, दिव्यानी बरनवाल, गरिमा सिंह, अजय कुमार गौतम, सहित सभी शिक्षक, कर्मचारी व विद्यार्थी मौजूद रहे।


















