जिले में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम्स और अल्ट्रासाउंड सेंटर्स की नियमित रूप से औचक जांच की जाए-जिलाधिकारी

आईरा न्यूज़ नेटवर्क – खबर वही जो हो सही
📍 बिजनौर, 23 जुलाई 2025
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में PCPNDT सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

आज कलेक्ट्रेट सभागार, बिजनौर में जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर की अध्यक्षता में पूर्वाह्न 12:00 बजे पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) सलाहकार समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रभा रानी, नोडल अधिकारी डॉ. के.के. राहुल, शासकीय अधिवक्ता मुकेश त्यागी, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आर.बी. त्यागी और सदस्य श्रीमती सुधा राठी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

🔹 जिलाधिकारी के निर्देश:
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिले में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम्स और अल्ट्रासाउंड सेंटर्स की नियमित रूप से औचक जांच की जाए तथा की गई कार्यवाही को पीसीपीएनडीटी मीटिंग की कार्यवृत्त में दर्ज किया जाए।
🔹 मासिक बैठकें अनिवार्य:
उन्होंने नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि पीसीपीएनडीटी की मासिक बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं, ताकि प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो।
🔹 डॉक्टरों की जांच और प्रमाण:
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश के बाहर से आए चिकित्सकों से शपथ पत्र प्राप्त किया जाए, जिसमें यह स्पष्ट हो कि वे अन्य किसी स्थान पर अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन नहीं कर रहे हैं और उनके निवास का स्थान कार्य स्थल पर ही है। यह शपथ पत्र पत्रावली में संलग्न होना चाहिए।
🔹 योग्यता और सत्यापन:
उन्हें निर्देशित किया गया कि नामित चिकित्सकों की पोस्ट ग्रेजुएट शैक्षिक योग्यता का सत्यापन भी अनिवार्य रूप से किया जाए।
🔹 रेडक्रॉस को सक्रिय करने के निर्देश:
रेडक्रॉस सोसायटी को क्रियाशील बनाए रखने, समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य एवं आई कैम्प आयोजित करने, आमजन को नि:शुल्क दवाइयां और चश्मे उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
🔹 मानक के अनुसार पंजीकरण:
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना के लिए निर्धारित मानकों की सक्षम अधिकारियों से जांच कराई जाए, और पूर्ण संतुष्टि के बाद ही पंजीकरण या नवीनीकरण की अनुमति दी जाए।
🔹 दुर्पयोग पर सख्ती:
सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों की नियमित रूप से चेकलिस्ट के आधार पर जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर इनका दुरुपयोग न हो।
🖊️ रिपोर्ट – आईरा न्यूज़ नेटवर्क
📌 खबर वही जो हो सही


















