जमीन विवाद में प्रशासन की मौजूदगी में बनी दीवार तोड़ी, पीड़ित ने लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया है। एक व्यक्ति ने दो लोगों पर प्रशासन की मौजूदगी में बनाई गई दीवार का हिस्सा तोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
दुर्गा मंदिर वाली गली, रामनगर रोड निवासी जितेंद्र अरोरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खड़कपुर देवीपुरा स्थित उनकी कृषि भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले भी उनकी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया था। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके और उनके पिता ओमप्रकाश के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी थी।
पिता की मौत, प्रशासन ने हटवाया था अतिक्रमण
जितेंद्र का आरोप है कि लगातार मानसिक तनाव के चलते उनके पिता की 21 अप्रैल 2026 को आकस्मिक मृत्यु हो गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अभय प्रताप सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग ने भूमि की पैमाइश कराई। पैमाइश में पुरानी नींव और भूमि को सही पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने मौके से कथित अतिक्रमण भी हटवाया और सीमा पर दीवार का निर्माण कराया गया था।
20 मई को टूटी मिली दीवार
जितेंद्र अरोरा ने बताया कि 20 मई को जब वह अपने खेत पर पहुंचे तो दीवार का एक हिस्सा टूटा हुआ मिला। आरोप है कि यह काम उन्हीं दो लोगों ने किया है जो पहले भी जमीन पर कब्जे का प्रयास कर चुके हैं। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
पुलिस बोली: जांच जारी
इस मामले में कोतवाली आईटीआई प्रभारी विक्रम राठौर ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की सघनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















