ग्राम प्रधान की उदासीनता व सफाईकर्मी की लापरवाही के चलते मुख्य मार्ग पानी व कीचड़ से तालाब में तबदील

बिजनौर। ग्राम प्रधान की उदासीनता व सफाईकर्मी की लापरवाही के चलते के कोतवाली देहात ब्लॉक क्षेत्र के गाँव मौजमपुर दयाल उर्फ हीमपुर का आन्तरिक मुख्य मार्ग पानी व कीचड़ भरने से तालाब में तबदील हो गया है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड रहा है। साथ ही संचारी रोग फैलने का खतरा बना है।
ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार द्वारा जुलाई माह को संचारी रोग नियन्त्रण माह के रूप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गाँव-गाँव गोष्ठियाँ कर व घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई रखने तथा पानी आदि एकत्र न होने देने की सीख दे रही हैं परंतु इस सब से इतर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मौजमपुर दयाल उर्फ हीमपुर में ग्राम प्रधान गुरमीत कौर की उदासीनता तथा सफाईकर्मी उदय नारायण की लापरवाही के कारण गाँव का आंतरिक मुख्य मार्ग ही कीचड़ व पानी भरा है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही सड़क में भरे गन्दे पानी व कीचड़ में मच्छर व मक्खियां पलने से संचारी रोग फैलने का खतरा बना है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाईकर्मी उदय नारायण नियमित रूप से अपनी ड्यूटी का निर्वाहन नहीं करता। साथ ही ग्राम प्रधान भी मामले को लेकर उदासीन है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से गंदगी से निजात दिलाने की मांग की है।


















