गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव के बीच भाजपा की बड़ी कार्रवाई, तीन नेता पार्टी से निष्कासित

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव के बीच भाजपा ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तीन नेताओं को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। तीनों को पदों से भी पदमुक्त कर दिया गया है।

महामंत्री ने जारी किया पत्र
भरतपुर-मेघावाला, जसपुर मंडल भाजपा के महामंत्री हरप्रीत सिंह हैप्पी ने इस संबंध में पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया है कि मंडल अनुशासन समिति द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।
ये नेता हुए निष्कासित
- नवल सिंह – मंडल मंत्री, निवासी गढ़ीनेगी
- भास्कर तिवारी – आईटी संयोजक, निवासी गढ़ीनेगी
- लवकुश प्रजापति – जिला कार्यकारिणी सदस्य, निवासी गढ़ीनेगी
बार-बार समझाने के बाद भी नहीं माने
पत्र में उल्लेख किया गया है कि तीनों नेताओं को बार-बार समझाने के बावजूद उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियां जारी रखीं। संगठन के निर्देशों की अवहेलना की और व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता दी। लगातार अनुशासनहीनता के कारण यह कदम उठाया गया।
जिलाध्यक्ष की सहमति से कार्रवाई
महामंत्री हरप्रीत सिंह हैप्पी ने बताया कि जिलाध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष की सहमति के बाद तीनों को तत्काल प्रभाव से भाजपा के पदों से पदमुक्त किया जाता है।
पार्टी कार्यक्रमों में सहभागिता अवैध
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में पार्टी के किसी भी कार्यक्रम, बैठक या गतिविधियों में उक्त नेताओं की सहभागिता अवैध मानी जाएगी।
नगर पंचायत चुनाव के बीच हुई इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन बनाए रखने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। गढ़ीनेगी में चुनावी सरगर्मी तेज है और भाजपा का यह कदम स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।


















