वाराणसी/उत्तरप्रदेश

काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन कर बोले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव- MP और UP मिलकर लिखेंगे विकास और आध्यात्मिक पर्यटन की नई कहानी, सिंहस्थ-2028 के लिए काशी मॉडल अपनाने की तैयारी

WhatsApp Image 2026-04-18 at 09.08.39
previous arrow
next arrow

वाराणसी। मोहन यादव ने वाराणसी दौरे के दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश मिलकर सुशासन, सांस्कृतिक समन्वय और आध्यात्मिक पर्यटन की नई इबारत लिखेंगे। उन्होंने काशी प्रवास के दौरान प्रदेश की खुशहाली और प्रगति की कामना की।

काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन, गंगा पूजन
मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और इसके बाद गंगा घाट पहुंचकर मां गंगा की आराधना की। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा पूरे देश को जोड़ने का कार्य करती है।

काशी मॉडल से सीख, सिंहस्थ-2028 में होगा उपयोग
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का गहन अध्ययन किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ प्रबंधन, दर्शन व्यवस्था और मोबाइल ऐप आधारित टोकन सिस्टम का विशेष अवलोकन किया।

उन्होंने इसे धार्मिक पर्यटन प्रबंधन का एक उत्कृष्ट मॉडल बताते हुए कहा कि सिंहस्थ-2028 के आयोजन में इस मॉडल का उपयोग किया जाएगा।

साथ ही काशी और महाकाल धाम के बीच व्यवस्थाओं के आदान-प्रदान को लेकर एमओयू भी किया गया।

वहीं श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने काशी विश्वनाथ धाम की व्यवस्थाओं और संचालन की जानकारी साझा की।

MP-UP सहयोग सम्मेलन 2026 का सफल समापन
वाराणसी में आयोजित “एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन 2026” में दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिली।

हस्तशिल्प और बाजार विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साझेदारी आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक उद्योगों को भी बढ़ावा देगी।

मंत्री और अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर नंद गोपाल गुप्ता नंदी और राकेश सचान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके साथ ही जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

GI और ODOP उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
सम्मेलन के दौरान ओडीओपी उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें दोनों राज्यों के प्रमुख जीआई टैग उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। यह प्रदर्शनी निवेशकों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

मुख्यमंत्री मोहन यादव का यह दौरा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि दो बड़े राज्यों के बीच सहयोग और विकास की नई संभावनाओं के द्वार भी खोल गया।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button