आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, एसएचओ की फाड़ी वर्दी

रुद्रपुर /उत्तराखंड ( रिजवान अहसन),,,,,गत रात्रि मौहल्ला शिवनगर में हुई फायरिंग की घटना के बाद किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचित किया कि कुछ युवक उसके घर में जबरदस्ती घुस आये हैं। जिस पर पुलिस टीम वहां आ पहुंची। जब पुलिस युवकों को पकड़ने आई तो उन युवकों के परिजन भी वहां आ पहुंचे और उन्होंने पुलिस को ऐसा करने से रोकना शुरू कर दिया। जिससे पुलिस और लोगों के बीच तीखी नोंक झोंक शुरू हो गई। जब पुलिसकर्मी युवकों को जबरन अपने वाहन में बैठाने लगी तो लोगों ने पुलिसर्किर्मयों से हाथापाई कर दी। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। इसी बीच कुछ ने पुलिस के वाहन पर पथराव कर दिया जिससे वाहन का शीशा टूट गया। कुछ लोगों ने थानाध्यक्ष की वर्दी भी पकड़ ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष मोहन पाण्डेय ने खुद मोर्चा सम्भाला और लोगों को पीछे धकेलते हुए वाहन में बैठाये युवकों को साथ लेकर थाने आ गये। जहां उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह मामला फायरिंग के मामले से अलग है। पूर्व में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। रात्रि में एक पक्ष ने 112 पर सूचना दी कि कुछ युवक घर में आकर मारपीट कर रहे हैं। जिस पर पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए वहां गई थी। जहां युवकों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली। जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।


















