आदित्य राणा की तलाश में की राणानंगला के जंगलों में घंटो कॉम्बिंग

आईरा न्यूज़ नेटवर्क बिजनौर से विकास अग्रवाल
स्योहारा I प्रदेश माफिया घोषित फरारी अपराधी आदित्य राणा की गांव राणानंगला में लोकेशन मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने पीएसी, क्यूआरटी, व एसओजी संग ग्राम राणानंगला सहित आधा दर्जन गांव के जंगलों में कई घंटे तक कॉम्बिंग की I इस दौरान गन्ने के खेतों के ऊपर ड्रोन कैमरे से भी आदित्य की तलाश की गई लेकिन आदित्य राणा का कहीं पता नहीं चल सका I
पांच माह पूर्व 24 अगस्त को बिजनौर पेशी से लौटते समय जिला शाहजहांपुर में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ आदित्य राणा की अभी तक गिरफ़्तारी न होने से पुलिस की नींद गायब हो गयी है I डीजीपी द्वारा आदित्य को प्रदेशीय माफिया घोषित किये जाने व उसके गांव राणानंगला में उसके घर पर धारा 82 का नोटिस चस्पा भी कर दिया है I कुछ दिन पूर्व आदित्य राणा की लोकेशन उसके गांव राणानंगला में मिलने पर एसओजी सहित पुलिस सक्रीय हो गई है I कई दिनों से एसओजी क्षेत्र में डेरा जमाये हुये है I
मंगलवार को अचानक दोपहर दो बजे अपर पुलिस अधीक्षक इंदु सिद्धार्थ व थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी के नेतृत्व पीएसी एसओजी टीम, क्यूआरटी, व स्थानीय पुलिस ग्राम राणानंगला पहुंची I पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अलग अलग टीम बना कर ग्राम राणानंगला बेरखेड़ा नोगरा दौलताबाद जटनंगला खानपुर आदि के जंगलों में गन्ने के खेतों में घुस कर लगभग 10-12 किमी तक कोम्बिंग की लेकिन आदित्य राणा नहीं मिल सका I इस दौरान पुलिस टीम ने अनेक स्थानों पर ड्रोन कैमरे की भी मदद ली I पुलिस द्वारा क्षेत्र में की जा रही कोम्बिंग से खेत में काम कर रहे ग्रामीण असमंजस में पड़ गये I अधिकतर ग्रामीण अपना जंगल का काम छोड़कर अपने अपने घरों को वापस लौट गये I थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि ढ़ाई लाख के इनामी आदित्य राणा की लोकेशन क्षेत्र में मिलने की वजह से उसकी तलाश में कोम्बिंग की गयी है।


















