₹25 हजार का इनामिया गोतस्कर मीरजापुर में गिरफ्तार, बिहार से आकर करता था नेटवर्क ऑपरेट

मीरजापुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अहरौरा पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़े मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में थाना अहरौरा पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
सोमवार को उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह, चौकी प्रभारी अहरौरा नगर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना मड़िहान में दर्ज मुकदमा संख्या 329/2025 से संबंधित ₹25 हजार के इनामी आरोपी इम्तियाज उर्फ राजू कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी बिहार के भभुआ जनपद के चैनपुर थाना क्षेत्र के कसाई टोला का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ मीरजापुर और सोनभद्र में गोवध, पशु क्रूरता और आयुध अधिनियम के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर मीरजापुर और सोनभद्र के विभिन्न थानों में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह की भूमिका अहम रही, जिनकी अगुवाई में यह कार्रवाई सफल हुई।


















