संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा वाराणसी के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वाराणसी से मुलाकात कर चार सूत्रीय मांगो पर की वार्ता

वाराणसी :- संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा वाराणसी के पदाधिकारियों सहित जनपद के सैकड़ों शिक्षकों ने 16 फ़रवरी सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वाराणसी से मुलाकात कर विगत कुछ समय से जनपद के परिषदीय विद्यालयो में घटित घटनाओं व उसके आघात से हुई शिक्षको की असामयिक मौतों पर गंभीर चिंता व रोष प्रकट करते हुए निम्नलिखित माँग किया |
(1)- विद्यालयों में आए दिन असामाजिक व अराजक तत्वों द्वारा कारित दुर्भावनापूर्ण व षडयंत्रकारी घटनाओं व उसके आघात से हो रही निर्दोष शिक्षकों की मौतों के दृष्टिगत विद्यालय व उसमें कार्यरत समस्त सदस्यों की पूर्ण सुरक्षा हेतु समुचित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाय |
(2)- विगत में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में घटित घटनाओं की विभाग सहित मजिस्ट्रेट जाँच निष्पक्ष एवं पारदर्शी रुप से कराते हुए दोषियों पर कठोरतम कार्यवाही की जाय जिससे ऐसी दुस्साहसिक एवं वीभत्सकारी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके तथा साथ ही मृतक शिक्षकों के परिजनों को उचित न्याय व आर्थिक सहायता प्रदान किया जाय | इतना ही नहीं अपितु संबंधित विद्यालयों के खंड शिक्षा अधिकारियों की भूमिका की भी गहन जांच कराते हुए तत्काल निलंबन की कार्यवाही की जाय |
(3)- प्राथमिक विद्यालय पिसौर हरहुआ वाराणसी के प्रधानाध्यापक पर षडयंत्रकारियों तत्वों द्वारा लगाये गये नितांत मनगढ़ंत,मिथ्या,निराधार आरोपों के आधार पर पुलिस विभाग द्वारा गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके जेल भेजने की घटना के दृष्टिगत जनपद के शिक्षकों द्वारा 10 फ़रवरी 2026 को हस्तगत कराये गये पत्र के क्रम में अद्यतन कोई भी सकारात्मक कार्यवाही नहीं किये जाने से शिक्षक समाज भयाक्रांत एवं आन्दोलित है |
(4)- प्राथमिक विद्यालय पिसौर हरहुआ वाराणसी में 9 फ़रवरी 2026 को घटित घटना में प्रधानाध्यापक के परिजनों का मुकदमा पंजीकृत करके दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की जाय तथा प्रकरण की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच हेतु एसआईटी का गठन किया जाय |
यदि उपर्युक्त मांगो पर अविलंब कार्यवाही नहीं की जाती है तो संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा वाराणसी समस्त शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार करने, विद्यालयों में पूर्ण तालाबंदी करके अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन व आंदोलन के लिए बाध्य होगा |
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वाराणसी से मुलाकात कर पत्रक देने वाले शिक्षकों में मुख्य रुप से विनोद कुमार उपाध्याय, सकलदेव सिंह,अजीत सिंह टीका,बृजेश यादव,शैलेन्द्र विक्रम सिंह,अजीत सिंह,अमृता सिंह,प्रीति श्रीवास्तव, राजेश्वर सिंह,रणंजय सिंह,सुरेश यादव,कैलाश यादव,प्रमोद फौजी, रमेश फौजी,ज्योति प्रकाश,वीरेंद्र कुमार,शमशेर सिंह इत्यादि सैकड़ो शिक्षक मौजूद रहे ||
























