वाराणसी में लूट–मारपीट का खुलासा: लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक गिरफ्तार, दो बाल अपचारी हिरासत में

वाराणसी। थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस ने मारपीट, जानलेवा हमले और लूट की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं का सफल अनावरण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
वाराणसी के पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट के नेतृत्व में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
दिनांक 01.03.2026 को करीब 1:30 बजे ऐढ़े रिंग रोड, थाना लालपुर पाण्डेयपुर क्षेत्र से अभियुक्त सहर्ष आनन्द सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया। मौके से दो 17 वर्षीय बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
• नाम: सहर्ष आनन्द सिंह उर्फ गोलू
• पिता का नाम: विनोद कुमार सिंह
• निवासी: ग्राम करन्जी हरिहर, पोस्ट भुड़कुड़ा, थाना भुइकुड़ी (जखनिया), जनपद गाजीपुर
• उम्र: 34 वर्ष
• बाल अपचारी: 02 (उम्र 17 वर्ष)
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 28.02.2026 को पीड़ित चन्द्रेश कुमार सिंह (निवासी बसनी, बड़ागांव, पिण्डरा) ने थाने में तहरीर दी कि आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की नीयत से हमला किया। हमले में वे बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन, सोने की चेन और नकदी लूट ली।
पीड़ित की तहरीर पर थाना लालपुर पाण्डेयपुर में मु0अ0सं0 0060/2026 धारा 191(2), 131, 115(2), 352, 351(2), 109, 110 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह कर रहे हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उ0नि0 प्रभाकर सिंह, उ0नि0 अम्बरीश दुबे, हे0का0 चन्द्रसेन सिंह, का0 मनीष तिवारी एवं का0 आशुतोष सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त एवं हिरासत में लिए गए बाल अपचारियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
























