बैडमिंटन में छात्राओं ने दिखाया दम : सरदार वल्लभभाई पटेल छात्रावास

- बीएचयू के सरदार पटेल छात्रावास में शुरू हुआ भारत वैभव खेल उत्सव
वाराणसी, 16.02.2026।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सरदार वल्लभभाई पटेल छात्रावास में आज से शुरू हुआ खेल उत्सव। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्म जयंती को समर्पित एक वर्षीय राष्ट्रीय महोत्सव भारत वैभव के अंतर्गत हो रहा है। इस उत्सव की शुरुआत अंतर छात्रावास व संकाय पुरुष और महिला एकल युगल बैडमिंटन प्रतियोगिता से हुई। सोमवार की शाम 5 बजे से शुरू प्रतियोगिता रात 11.30 बजे तक चली जिसमें कुल 19 मैच खेले गए। जिसमें खबर लिखे जाने तक कुल 8 मैच हो चुके थे। भारत वैभव खेल उत्सव के अंतर्गत आगामी एक माह में बैडमिंटन के अलावा वालीबॉल, रस्साकसी, चेस, कैरम, अंडर आर्म क्रिकेट, खेलों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होगी जिसमें कुल 713 छात्र छात्राएं प्रतिभागिता कर रहे हैं। यह उत्सव पिछले छह वर्षों से अनवरत जारी है। हालांकि इस वर्ष सरदार पटेल की 150वीं जन्मजयंती के निमित्त भारत वैभव के अंतर्गत होने से इसकी भव्यता काफी बढ़ी हुई है। विद्यार्थियों में पहले ही दिन बहुत उत्साह देखने को मिला। लगभग 500 से ज्यादा विद्यार्थी पूरे मैच के दौरान अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने को कमर कस के जमे रहे। पूरे दौरान उत्साह के साथ गहमा गहमी बनी रही। 100 से ज्यादा अध्यापक सपरिवार अपने अपने विद्यार्थियों की हौसला अफजाई करने के लिए डटे रहे। उद्घाटन के मौके पर मुख्य अतिथि डॉ आरती निर्मल ने कहा कि इस भारत वैभव खेल उत्सव से विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर डॉ गीतांजलि और डॉ दिव्या भारती ने कहा कि एक पुरुष छात्रावास में छात्राओं और शिक्षकों के लिए जो सम्मान और अनुशासन दिखा वह अनुकरणीय है। वहीं डॉ मयंक प्रताप और डॉ अमित थापा ने इस खेल उत्सव पर विद्यार्थियों की इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभागिता को लेकर सराहना की। बिरला अ के संरक्षक डॉ. अभय कुमार ने इस उत्सव को रोल मॉडल बताया। इस वर्ष भारत वैभव श्रृंखला के अंतर्गत यह बहुत शानदार उत्सव बन गया, जिसे देखने और महसूस करने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं दर्शक जुटे।
इस महोत्सव की सफलता के लिए छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने एक वर्षीय भारत वैभव राष्ट्रीय उत्सव के आयोजन पर अपनी अनुपस्थिति में विद्यार्थियों के लिए संदेश के माध्यम से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जैसे भारत रत्न सादर पटेल राष्ट्र के गौरव हैं वैसे ही उनकी 150वीं जयंती को समर्पित भारत वैभव उत्सव विश्वविद्यालय का वैभव बनेगा। यह उनके प्रति काशी हिंदू विश्वविद्यालय की कार्यंजलि है। साथ ही उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए सरदार पटेल छात्रावास के संरक्षक डॉ धीरेंद्र राय व डॉ शैलेंद्र कुमार को बधाई प्रेषित करते हुए प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर भारत वैभव के संयोजक डॉ. धीरेंद्र कुमार राय ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जन्म जयंती के निमित्त यह उत्सव काशी हिंदू विश्वविद्यालय का रचनात्मक प्रकल्प है। उन्होंने कहा कि एकता की भावना को समर्पित राष्ट्र मुकुट सरदार पटेल के उन महनीय योगदानों को संपूर्ण राष्ट्र की कलाधर्मिता के द्वारा ही आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने यह बताया कि एकवर्षीय राष्ट्रीय उत्सव की इस कड़ी में यह नॉर्थईस्ट महोत्सव के बाद दूसरा कार्यक्रम है जो भारत की खेल संस्कृति को समर्पित है। देश की संस्कृति, भारतीय ज्ञान परम्परा, व विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के सोपान चढ़ता हुआ यह एकवर्षीय उत्सव इस वर्ष 31 अक्टूबर तक चलेगा।
भारत वैभव के सह–संयोजक डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन भारतीय भूभाग की संस्कृति, धर्म की समृद्ध लोक परंपराओं, कला, संगीत और वेशभूषा को मुख्यधारा से जोड़कर सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करता है। डॉ. सिंह ने आगे कहा कि विश्वविद्यालय में ऐसे कार्यक्रम विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर आपसी समझ, संवाद, खेल, कला और भाईचारे को मजबूत करने वाला है।
डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने आगे कहा कि यह हमें बोध कराता है कि विविधता में ही भारत की वास्तविक शक्ति और सौंदर्य निहित है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और परस्पर सम्मान की भावना विकसित होती है।
“भारत वैभव” के अंतर्गत यह उत्सव युवाओं को साझा विरासत पर गर्व करना और ‘एक भारत–श्रेष्ठ’ भारत के संकल्प को जीना सिखाता है।
























