बुनियाद अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उद्योग और एमएसएमइ कार्यालय को सौपा ज्ञापन

विभाग ने उद्योग में तकनीकी बेहतरी के लिए सब्सिडी की उपलब्धता की दी जानकारी
वाराणसी:- बुनियाद अभियान के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उद्योग कार्यालय व लघु,सूक्ष्म एवं माध्यम उद्योग (एमएसएमई) विभाग के अधिकारियों से मुलाक़ात की | क्लाइमेट एजेंडा के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में ईंट भट्ठा उद्योग में न्यायसंगत बदलाव को बढ़ावा देना था ताकि उद्योग से होने वाली पर्यावरण हानि को न्यूनतम किया जा सके साथ ही मजदूरों के कल्याणार्थ जरुरी कदम उठाये जा सकें |
प्रतिनिधिमंडल की इस मुलाक़ात के बारे में विस्तार से बताते हुए क्लाइमेट एजेंडा की कार्यक्रम निदेशक एकता सिंह ने बताया कि ईंट भट्ठा उद्योग की तकनीक और मजदूरों के हालात में बेहतरी के लिए उद्योग के सभी हितधारकों द्वारा संयुक्त प्रयास से बनाये गए मांग पात्र को सौपा गया | यह मुलाकात मुख्य रूप से उपरोक्त दोनों विभागों से उद्योग के लिए सरकारी आर्थिक सहयोग अथवा सब्सिडी की संभावनाएं तलाश करने पर केन्द्रित रही साथ ही यह भी उल्लेखित किया गया कि बुनियाद अभियान की प्राथमिकता ईंट भट्ठा उद्योग में कार्यरत मजदूरों को वर्तमान बदहाली से मुक्त कराना भी है अतः उपरोक्त विभागों से इस मुद्दे पर भी पहल करने का आग्रह किया गया |
प्रतिनिधिमंडल के साथ इस मुलाक़ात में जिला उद्योग विभाग की ओर से संयुक्त आयुक्त उद्योग मोहन कुमार शर्मा, एमएसएमई की ओर से सहायक निदेशक वी के राणा उपस्थित रहे | उपरोक्त अधिकारी द्वय को ही अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने बातचीत के उपरान्त ज्ञापन सौंपा जिसके जवाब में दोनों ही विभागों के द्वारा पहल की प्रशंसा करते हुए हर संभव सहयोग का वायदा किया गया |
प्रतिनिधिमंडल में बुनियाद अभियान की ओर से ईंट भट्ठा उद्योग के सभी हितधारक मौजूद रहे | मुख्य रूप से मजदूरों के प्रतिनिधि के रूप में महाजन अली (निदेशक,एसडीआरए जौनपुर),तकनीकी जानकार के रूप में आईआईटी बीएचयू के प्रो.ज्योति प्रसाद चक्रवर्ती मालिकों के प्रतिनिधि के रूप में उत्तर प्रदेश ईंट निर्माण समिति के चेयरमैन रतन श्रीवास्तव,बुनियाद अभियान की टीम से राजदेव चतुर्वेदी (ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान,आजमगढ़),जागृति राही (साझा संस्कृति मंच),इन्दू पाण्डेय (आशा ट्रस्ट), मनीष कुमार,रवि शेखर एवं एकता सिंह (क्लाइमेट एजेंडा) समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ||






