त्रंयबकेश्वर से आएगा बाबा के सगुन की हल्दी,13 फरवरी शुक्रवार को चढ़ेगी बाबा को हल्दी

काशी की लोकपरंपरा के अनुसार बाबा का लगाई जाएगी सगुन की हल्दी,रंगभरी एकादशी तक चलेगा मांगलिक अनुष्ठानों का क्रम
वाराणसी:- देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में महाशिवरात्री के अवसर शिव विवाह से पुर्व बाबा विश्वनाथ को सगुन की हल्दी तैयारियां शुरू हो गई हैं | सदियों पुरानी लोकपरंपरा के अनुसार इस बार 13 फरवरी को सांयकाल टेढ़ीनीम स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत आवास पर बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा का विधि विधान पूर्वक सगुन की हल्दी लगाई जाएगी | यह आयोजन काशीवासियों की ओर से लोकाचार के रूप में संपन्न होता है जिसमें सम्पूर्ण काशी बाबा के सगुन में सहभागी बनती है | सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के उप महंत अवशेष पाण्डेय (कल्लू महाराज) ने बताया कि काशी की लोक परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष काशीवासीयों द्वारा बाबा के सगुन का दायित्व निभाया जाता है |
इस बार महाशिवरात्री 15 फरवरी रविवार के पुर्व 13 फरवरी शुक्रवार काशीपुराधीश्वर बाबा विश्वनाथ को अर्पित करने के लिये सगुन की हल्दी को सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के महंत परिवार की ओर से विशेष रूप से नासिक के त्रयंबकेश्वर से मंगाया गया है |
काशी शिव बारात समिति के महामंत्री दिलिप सिंह ने बताया लोक मान्यता के अनुसार बसंत पंचमी से बाबा के सगुन से जुड़े उत्सवों की श्रृंखला प्रारंभ होती है जिसमें काशीवासी बाबा के राजसी के स्वरूप में श्रद्धा अर्पित करते हैं | टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर संपन्न होने वाले आयोजन की विशिष्ट परंपरा है जिसमें बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा को विशेष रूप से सुसज्जित कर वैदिक विधि विधान के साथ पुजन अर्चन कर लोक परंपरा निभाई जाती है | यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत और लोकआस्था का जीवंत उदाहरण भी है |
महाशिवरात्रि पर शिव बारात निकलने के पुर्व शिव बारात समिति की महिलाये शुक्रवार को बाबा को सगुन हल्दी अर्पित करेगी | विश्वनाथ मंदिर के महंत अकं शास्त्री पं.वाचस्पती तिवारी ने बताया टेढीनीम महंत आवास में सगुन से जुड़ी परंपराएं सैकड़ो वर्ष प्राचीन है उन्होंने बताया कि 13 फरवरी शुक्रवार को बाबा की चल प्रतिमा पर हल्दी चढाने से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है | बांसफाटक “धर्म-निवास स्थित श्रीयंत्र पीठम से नासिक के त्र॔यबकेश्रर आयी हल्दी टेढ़ीनीम महंत आवास तक लाया जाएगा | बड़ी शीतला माता मंदिर के श्री महंत शिवप्रसाद पाण्डेय ‘लिंगिया महाराज’ के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार,पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भक्तिमय वातावरण के बीच शिव बारात समिति द्वारा बाबा की हल्दी व भोग प्रसाद टेढ़ीनीम महंत आवास तक पहुंचाई जाएगी |
11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा होगा विशेष पूजन
महंत आवास पर होने वाले आयोजन से
संबंधित शिवांजलि के संयोजक संजीव रत्न मिश्र ने बताया बाबा को सगुन की हल्दी चढाया जाने से पुर्व टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा उन्होंने बताया कि परिवार की वरिष्ठ सदस्य मोहिनी देवी के सानिध्य में अंक शास्त्री महंत वाचस्पति तिवारी द्वारा 11 वैदिक ब्राह्मणों के साथ बाबा विश्वनाथ की पंचबदन प्रतिमा का विशेष पूजन किया जाएगा | पूजन के उपरांत बाबा का परंपरागत एवं भव्य श्रृंगार किया जाएगा जिसमें काशी की पारंपरिक धार्मिक शैली की झलक देखने को मिलेगी ||






