जिला श्रम बंधु की समीक्षा बैठक संपन्न

वाराणसी।जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला श्रम बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी ।उपश्रमायुक्त वाराणसी द्वारा बैठक का संचालन करते हुए श्रमिक पंजीयन, उपकर संग्रहण, निर्माण श्रमिकों के हितार्थ संचालित योजनाओं एवं ई _श्रम वर्कर्स के संबंध में अद्यतन प्रगति की जानकारी दी गयी।जिलाधिकारी द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया में कैम्प लगाकर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों पंजीयन के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स की सूची जिला अर्थ एवं संख्या कार्यालय से प्राप्त कर विकास प्राधिकरण, हाईवे प्रोजेक्ट्स,सेतु निगम के प्रोजेक्ट्स, लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित प्रोजेक्ट्स पर कार्यरत निर्माण श्रमिकों का कैम्प लगाकर पंजीयन कराए जाने एवं योजनाओ के पैम्फलेट व बैनर वितरित कर प्रचार प्रसार कराया जाए।
साथ ही प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत गिग व प्लेटफार्म वर्कर्स का पंजीयन कराए जाने के निर्देश दिए गए।
उपकर संग्रहण के संबंध में सभी कार्यदायी संस्थाओ को ससमय उपकर जमा करते हुए इसकी सूचना श्रम कार्यालय को भी निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराने के निर्देश प्रदान किये गए,जिन कार्यदायी संस्थाओ द्वारा उपकर संग्रहण की सूचना नही उपलब्ध कराई जा रही है उनकी समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी के द्वारा कराए जाने के निर्देश भी प्रदान किये गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सी एम आई एस पोर्टल से सूचना लेकर सेस संग्रहण में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत एवं नगर निगम द्वारा संचालित निर्माण प्रोजेक्ट्स के सापेक्ष उपकर संग्रहण हेतु आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित को निर्देश दिये गये।साथ ही सभी कार्यदायी संस्थाओ को निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स का अनिवार्य रूप से बी ओ सी अधिनियम 1996 के अंतर्गत अधिष्ठान पंजीयन निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए गए।
उपश्रमायुक्त वाराणसी द्वारा अवगत कराया गया कि श्रमिकों के लिए लेबर अड्डे पर मूलभूत सुविधाऐं मुहैया कराए जाने के लिए स्थलों का चिन्हांकन कर लिया गया है जिसके सापेक्ष लोक निर्माण विभाग से अनापत्ति प्राप्त करते हुए कार्यवाही किया जाना है।जिलाधिकारी द्वारा श्रमिक सुविधाओं से युक्त लेबर अड्डे स्थापित किये जाने के लिए शीघ्र कार्यवाही कराए जाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं विशेषकर– कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना तथा संत रविदास शिक्षा सहायता योजना आदि का व्यापक प्रचार प्रसार कर लाभ दिलाये जाने के निर्देश प्रदान किये गए।बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह,सहायक श्रमायुक्त वाराणसी, श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।





