वाराणसी/उत्तरप्रदेश

जिलाधिकारी ने किया पिंडरा के तहसील और ब्लॉक का औचक निरीक्षण

IMG-20260127-WA0039
previous arrow
next arrow

ज्यादा समय से लम्बित मामले को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश

पुराने मामलों की पेंडेंसी का निस्तारण न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी: जिलाधिकारी

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पिंडरा के तहसील और ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए। तहसील निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व अभिलेखागार के फाइलों का बेहतर ढंग से रख-रखाव, तहसील परिसर की उचित साफ़ – सफाई, अधिक समय के लम्बित मामलों का निस्तारण, तहसील के छोटे-मोटे कार्यों का एस्टीमेट बनाकर भेजने,जर्जर आवासीय भवन को ध्वस्त कराने आदि के संबंध में निर्देश दिए।

उन्होंने तहसील परिसर के कूड़े कबाड़ को हटाने व झाड़ियों की कटाई करवाकर उचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने, गलियारे के धँसे प्लास्टर को ठीक करवाने, कार्यालय और आवासीय भवनों की छत की पानी टंकी से होने वाले पानी के रिसाव को सही कराने, परिसर की नाली की मरम्मत व खराब पड़े हैंडपंप को रीबोर कराने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने कहा कि तहसील के छोटे-मोटे विकास कार्यों का एस्टीमेट बनाकर भेजे और सभी को व्यवस्थित कराना सुनिश्चित करें।

राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण में उन्होंने मुआयना रजिस्टर, कृषि एवम आवास रजिस्टर, पेशानी फ़ाइल और नकल से संबंधित दस्तावेज को चेक किया। इसके अलावा उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को मौके पर स्टाफ के द्वारा संचालित अवस्था को चेक करवाया। उन्होंने कहा कि सीलन से दस्तावेज प्रभावित न हो इसका ध्यान रखा जाए। रद्दी के डिब्बे / टुकड़े जैसे सामानों को तत्काल हटवा दिया जाए ताकि सफ़ाई व्यवस्था सुनिश्चित रहे।

तहसीलदार न्यायालय के निरीक्षण में उन्होंने रजिस्ट्रार ऑफिस से आने वाले मामलों, एक से तीन साल और इससे ऊपर के धारा-34 और धारा-67 के लम्बित मामलों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक समय से लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करते हुए निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुराने मामलों की पेंडेंसी का निस्तारण न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिलाधिकारी ने कार्यालय खंड विकास अधिकारी, पिंडरा का निरीक्षण कर जल संचयन के लिए बने अमृत सरोवर में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, कार्यालय परिसर की सड़क को दुरुस्त कराने और जर्जर आवासीय भवनों को ध्वस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

तहसील निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार व कर्मचारी और ब्लॉक निरीक्षण में बीडीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
close