करनाल: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कोरोना महामारी के चेन को तोडऩे के लिए महिलाओं, किशोरियों तथा बच्चों को मास्क का प्रयोग करने, साबुन से बार-बार हाथ धोने तथा भीड़-भाड़ वाले स्थाने से बचने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी राजबाला के निर्देशानुसार सभी ब्लॉकों में मास्क वितरण का कार्यक्रम भी जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को शहरी ब्लॉक में सीडीपीओ कमलेश की अगुवाई में पीएमएमवीवाई की जिला समन्वयक ज्योति व सहायक मीनाक्षी द्वारा गर्भवती महिलाओं को मास्क वितरित किए। इस अवसर पर सुपरवाईजर विनीता, संतोष, सविता, मधु, सुमन उपस्थित रही।
सीडीपीओ कमलेश ने महिलाओं को कोरोना महामारी से बचाव बारे जागरूक करते हुए कहा कि अभी यह महामारी समाप्त नहीं हुई है, इसके प्रति सजग रहने की जरूरत है। सजगता के साथ-साथ सावधानी भी बरतें, सैनिटाईजर का उपयोग करें तथा बार-बार साबुन से हाथ धोते रहें। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को हराने में आमजन को भी प्रशासन को सहयोग करना चाहिए तथा कोविड प्रोटोकॉल की अनुपालना करनी चाहिए। ऐसा करके हम न केवल अपने आप को बल्कि दूसरे के जीवन को भी बचाने में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी जरूरी कार्य के घर से बाहर न निकलें तथा भीड़भाड़ भरे इलाकों में जाने से बचें तथा दूसरे लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।




























