
फतेहपुर. जिले में एक ऐसा हादसा हुआ कि पूरा पुलिस महकमा अब सदमे में है. दरअसल रूटीन चैकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार बाइक को जब दारोगा ने रोकने का प्रयास किया तो मोटर साइकिल चालक ने रुकने की बजाए पुलिस कर्मी को सीधे टक्कर मार दी. इस दौरान दारोगा के गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना इलाके में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात वीरेंद्र नाथ मिश्र गुरुवार सुबह 10 बजे कुछ सिपाहियों के साथ वाहनों की चैकिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक को आते देख उन्होंने रोकने का इशारा किया.
पुलिस को देख मोटर साइकिल सवार ने रफ्तार और बढ़ा ली और वीरेंद्र को सीधी टक्कर मारी. इससे दारोगा के सिर में गंभीर चोट लगी. अन्य पुलिसकर्मी तत्काल दारोगा को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने अब मोटरसाइकिल सवार दो युवकों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है.
इसके बाद दोनों युवकों ने मौके से भागने का भी प्रयास किया लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल पकड़ कर हिरासत में ले लिया. बाद में दारोगा की मौत होने के बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया. जैसे ही दारोगा की मौत की खबर पुलिस महकमे में फैली शोक छा गया. महकमे के आला अफसर भी अस्पताल पहुंचे और परिजन को ढांढस बंधाया. उल्लेखनीय है कि दारोगा वीरेंद्र कुमार मूलतः प्रयाग राज के ओसा गांव के निवासी थे और फतेहपुर में काफी लंबे समय से तैनात थे.
राजेश सिंघल की रिपोर्ट


















