मानवता का परिचय: मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं
AIRA NEWS NETWORK – वर्तमान में चल रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान अग्निशमन इकाई रुद्रप्रयाग की टीम द्वारा आज ग्राम सभा सिलगढ़़, अगस्त्यमुनि के प्राथमिक विद्यालय में अग्निशमन जागरुकता अभियान रखा गया था।
इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु जाते समय ग्राम सिलगढ़ के पास कुछ लोग एवं महिलाएं सड़क किनारे खड़े थे, जो कि परेशान से नजर आ रहे थे। अग्निशमन इकाई का वाहन रोककर बाहर उतरकर उनसे वार्ता की गयी जिनके द्वारा अवगत कराया गया कि, उनके गांव का 01 बच्चा जो कि, महज 06 साल का है खेलते वक्त अपने घर की छत से नीचे गिर गया था, और उसे अस्पताल ले जाने के लिए रुके हुए हैं तथा एम्बुलेन्स को कॉल की गयी है, जिसकी रनिंग लोकेशन अभी चन्द्रापुरी से उनके तरफ को है।
इस पर उन लोगों को धीरज रखने हेतु बताया गया तथा तत्काल अग्निशमन इकाई के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों की टीम द्वारा बालक का उपचार प्रारम्भ कर दिया गया था। बच्चे के परिजनो द्वारा अग्निशमन इकाई टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।
अग्निशमन इकाई टीम में प्रभारी अग्निशमन इकाई श्री देवेन्द्र सिंह चौहान, फायर सर्विस चालक मोहन सिंह व फायरमैन मनोज खत्री उपस्थित रहे। बालक को डॉक्टरों व उनके परिजनों के हवाले कर फायर फाइटर अपने कर्तव्य निर्वहन को प्रस्थान कर गये।
राजेश सिंघल की रिपोर्ट


















