1 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क का डीसी निशांत कुमार द्वारा औचक निरीक्षण
करनाल: उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत 1 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही फूसगढ़ से उत्तम नगर तक बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करवाएं ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इतना ही नहीं उन्होंने ठेकेदार को भी कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सड़क के निर्माण कार्य में देरी की वजह से लोग दुखी हो रहे हैं।
अगले तीन दिनों के अंदर इस अधूरे कार्य को पूरा करवाएं, अन्यथा कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि उत्तम नगर सहित शहर की अन्य कॉलोनियों में स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट की सड़कों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। फूसगढ़ से उत्तम नगर की यह सड़क करीब 850 मीटर लंबी तथा 18 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है। इस मौके पर उपस्थित ठेकेदार को उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में लोगों के आवागमन के कारण अगर किसी प्रकार की परेशानी आ रही है तो दोनों साईड बल्ली लगाएं। अगर कोई व्यक्ति कार्य में बाधा डालता है तो उसकी सूचना प्रशासन को दें, कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी और अपील की कि वे सड़क के निर्माण कार्य को पूरा करवाने में अपना भरपूर सहयोग दें तथा अन्य लोगों को समझाएं कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, इस सड़क पर अपनी गाडिय़ां, मोटरसाईकिल इत्यादि का आवागमन कम रखें। यह सड़क आप लोगों की सुख सुविधा के लिए बनाई जा रही है।
अगर अब इसमें कोई कमी रह गई तो उससे आपको ही परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उपायुक्त ने स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सड़क के दोनों साईडों में पानी की निकासी का उचित प्रबंध करवाएं, सड़क का लेवल भी सही रखें। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के जनरल मैनेजर रमेश मढान, कार्यकारी अभियंता सौरभ गोयल, जेई रवि कुमार तथा ठेकेदार मौके पर उपस्थित रहे।


















