AIRA NEWS NETWORK – बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर भटपुरा में अज्ञात लोगों ने संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को तोड़ दिया। रात को हुई इस घटना की जानकारी सुबह लोगों को हुई तो रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कन्नौज बॉर्डर पर स्थित बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर भटपुरा में भीमराव आबेडकर की मूर्ति तोड़ने की खबर मिली तो बेवर पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी। थाना प्रभारी सुरेश चंद शर्मा ने बताया कि गुरुवार को तड़के जब लोग उधर से निकले तब लोगों ने मूर्ति को टूटा हुआ देखा। पुलिस ने मौके पर जाकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी जुटाई। पास में ही ईटों का ढेर लगा है। उसी से मूर्ति को तोड़ा गया है।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मूर्ति को नए सिरे से बनवाने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में दोषियों की जल्द पहचान होगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। उधर मूर्ति तोड़ने से लोगों में खासी नाराजगी है। लोगों ने जल्द आरोपियों की तलाश करने और उन्हें जेल भेजने की मांग पुलिस ने की है।
रिपोर्ट – सुबोध कुमार


















