नगर पंचायत मण्डावर कार्यालय की टीम ने भी लगवाया कोविड 19 का पहला टीका
नगर पंचायत मण्डावर कार्यालय की टीम को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को नगर के सीएचसी मण्डावर के कैम्प में कोविड टीकाकरण का पहला डोज दिया गया। कुछ समय के विश्राम के बाद सभी अपने कार्यों में लौट गये। नगर पंचायत मण्डावर कार्यालय के लिपिक राजकुमार ने बताया कि कोविड महामारी के खात्मे के लिए आरंभ हुए अभियान में सबको आगे बढकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
क्योंकि कोरोना काल में महामारी के कारण लोग एक -दूसरे से दूर हो गये थे। ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो इसके लिए टीकाकरण करवाना आवश्यक है। नगर पंचायत के कर्मचारी सलमान का कहना है कि इस जीवनदायिनी टीके को क्षेत्र तथा नगर के हर व्यक्ति को लगवाना चाहिए। जब जिसकी बारी आए तो वह टीका अवश्य लगवाए। यह पूरी तरह से सुरक्षित है। इसको लगवाने के बाद किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं आती है।
नगर पंचायत के कर्मचारी अंकुर ने टीका लगवाने के बाद बताया कि यह टीका हम सभी के लिए बहुत जरूरी है। इस टीके के लगवाने के बाद कोरोना जैसी घातक बीमारी से सुरक्षा मिल जाती है। नगर पंचायत कार्यालय में कंप्यूटर आपरेटर नवनीत ने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। कोरोना से बचाव में पूरी तरह से कारगर है। इस जीवन रक्षक टीके को हर व्यक्ति को लगवाना चाहिए। जिन कर्मचारियों को कोरोना का टीका लग चुका है, उनका कहना है कि यह सभी के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।

नगर पंचायत कर्मचारी शाबाज़ ने कहा कि कोरोना के टीके को लेकर लोगों को किसी भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता। जब जिसकी बारी है, उसे टीका अवश्य लगवा लेना चाहिए। यह टीका कोरोना जैसे संक्रमण से बचाव के लिए बेहद आवश्यक है। नगर पंचायत कर्मचारी रामअवतार का कहना है कि उन्होंने टीका लगवाया और पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं।
इसलिए टीका को लेकर किसी को बिल्कुल घबराने की आवश्यकता नहीं है। टीका पूरी तरह से सफल है। कोरोनाकाल के दौरान नगर पंचायत मण्डावर के कर्मचारियों ने भी स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर फ्रंट लाइन पर कार्य किया था।



























