बिजनौर – लखीमपुर खीरी में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के पुत्र आशीष मिश्रा द्वारा गाड़ी से कुचल कर मारे गये किसान दलजीत सिंह, गुरवेंद्र सिंह, लवप्रीत सिंह और नक्षत्र सिंह के अस्थि कलश जनपद बिजनौर के जलालपुर ब्लॉक में पहुँचने पर छाछरी मोड, शाहपुर, जलालपुर सहित दर्जनों गाँवों में किसानों द्वारा उन पर पुष्प अर्पित कर शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी कुलदीप सिंह ने कहा कि जिस मंत्री पर देश के नागरिकों की जान माल की सुरक्षा का जिम्मा है उसके पुत्र द्वारा सुनियोजित योजना के तहत किसानों पर गाड़ी चढाकर उनकी हत्या की गई।
इसकी जितनी निंदा की जाये कम है। उन्होंने कहा कि हिंसा में शहीद हुए किसानों की शहादत बेकार नहीं जायेगी और इससे किसान आंदोलन और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को प्रताड़ित कर आंदोलन को कमजोर करना चाहती है परन्तु सरकार यह जान ले कि जितना किसानों को दबाया तथा सताया जायेगा उतना ही आंदोलन और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि अस्थि कलश यात्रा जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में निकाली जायेगी तथा 24 अक्टूबर को बैराज घाट पर गौरव टिकैत की उपस्थिति में अस्थि कलशों को गंगा में विसर्जित किया जायेगा।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















