बिजनौर – गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचने के लिये जनपद के किसानों को प्रेरित करने के लिये भारतीय किसान यूनियन युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने जनपद के दर्जनों गांवों में दौरा कर लोगों से बॉर्डर पर पहुँचकर अपनी ताकत दिखाने का आह्वान किया।
बता दें कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर 24 जुलाई को जनपद से सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रालियों में हजारों किसान गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे धरना प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए कूच करेंगे। जिनका रात्रि विश्राम मेरठ में होगा जहाँ से मेरठ जनपद के किसान भी उनके साथ सम्मलित होगें और 26 जुलाई को सभी किसान गाजी बॉर्डर स्थित धरना स्थल पर पहुंचेंगे। बॉर्डर पर जनपद से अधिक से अधिक किसान पहुंचे इसके लिये भारतीय किसान युनियन पदाधिकारी दिन-रात एक किये हुए है।
इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव मुरलीवाला, लड्डूवाला, नवाबपुरा, कटारमल, कादराबाद, तूरतपुर, मीरापुर और जामुनवाला आदि दर्जनों गांव का दौरा किया और लोगों से संपर्क कर 24 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपनी खेती किसानी बचाने के लिये सभी किसानों को आगे आना होगा और तीन काले कानूनों की बापसी तथा एमएसपी पर कानून बनावाने के लिये मजबूती से लडाई लडनी होगी। इस दौरान उनके साथ किसान यूनियन के पदाधिकारी दर्शन सिंह फौजी, मुख्तियार सिंह, चौधरी विजेंद्र सिंह, मदन राणा सहित कई लोग मौजूद रहे।
महकार सिंह तोमर की रिपोर्ट


















