भारतीय किसान यूनियन ने गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का किया आह्वान
बिजनौर – भारतीय किसान यूनियन के जिला संगठन मंत्री लोकेंद्र सिंह डोढवाल ने जनपद के किसानों से आगामी 24 जुलाई को गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
ग्राम फलौदी स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में लौकेन्द्र सिंह डोढवाल ने कहा कि आज देश का किसान बहुत परेशान है। चौदह दिन में गन्ने का भुगतान करने का कानून होने के बावजूद भी उसके गन्ने का भुगतान नहीं मिल पा रहा है जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
किसान आज उधार के बीज व खाद से खेती करने को मजबूर है जिसका उसे ब्याज चुकाना पडता है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों को पूंजीपतियों की सरकार बताते हुए कहा कि सरकार की मिल मालिकों से सांठगांठ है जिस कारण मिल मालिक किसानों का पैसा दबाये बैठे हैं। उन्होंने कहा कि ऊपर से मोदी सरकार ने खेती किसानी पर तीन काले कानून थोप दिये हैं जो किसान को पूर्ण रूप से बर्बाद कर देगें।
उन्होंने मोदी सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का किसान 7 माह से कृषि कानून की वापसी की मांग को लेकर गाजीपुर व टिकरी बॉर्डर पर चिलचिलाती गर्मी, आंधी तूफान व बारिश के मौसम में पड़ा हुआ है लेकिन मोदी सरकार पूंजापतियों की गूंगी बहरी कठपुतली बनकर रह गई है। उन्होंने बताया कि आगामी 24 जुलाई को जनपद से सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रालियों में हजारों किसान गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे धरना प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए कूच करेंगे। जिनका रात्रि विश्राम मेरठ में होगा जहाँ से मेरठ जनपद के किसान भी उनके साथ सम्मलित होगें और 26 जुलाई को सभी किसान धरना स्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचने की अपील की।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर




























