AIRA NEWS NETWORK – जनपद के नूरपुर निवासी भाजपा के राष्ट्रीय स्तरीय नेता अनिल सूद को भाजपा नेतृत्व ने मध्यप्रदेश का सह-प्रभारी बनाया है। यह नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अनुमोदन पर भाजपा अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने की है। पदभार संभालने के बाद जनपद में प्रथम आगमन पर बिजनौर के कान्हा फार्म हाउस में उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर व शॉल ओढाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर अनिल सूद ने कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जो सबका साथ, सबका विकास में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा काल में सर्वाधिक लाभ अनुसूचित जाति के लोगों को ही मिला है। क्योंकि यह समाज का सबसे गरीब वर्ग है इसलिए इन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि अमीरों की भांति उनके घर में भी गैस के चुल्हे पर खाना बन सकता है, उनके घर में शौचालय बन सकता है, उनके पक्के मकान बन सकते हैं। लेकिन यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नीत सरकार ने उनके उत्थान के लिए यह कर दिखाया क्योंकि भाजपा का सिद्धांत ही अंतोदय पर आधारित है अर्थात सरकारी लाभ पंक्ति में खडे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी सरकार ने अपना दायित्व निभाते हुए अंतोदय व पात्र राशन कार्ड धारकों को नि:शुल्क राशन वितरण किया जिसका सर्वाधिक लाभ गरीबों को मिला। साथ ही मनरेगा के तहत लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया। इस अवसर पर बिजनौर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन डॉक्टर नवनीत गर्ग, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष केके रवि, युवा नेता रंजीत चौधरी, मुकुल तोमर, पूर्व नगराध्यक्ष किरतपुर राकेश साहनी, भाजपा नगर महामंत्री मयंक अग्रवाल, सुनित जैन, संजय जैन, मुशीर अहमद लीलू, डॉ.सोहित चौधरी, राहुल चौधरी, चौधरी विजेंद्र सिंह, संजीव कुमार, जय सिंह, डॉ.राहुल, साहिल कुमार आदि भारी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।


















