बिजनौर – ट्रक व कैंटर की आमने-सामने की भिंडत में दोनों वाहनों के चालकों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिये एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
घटना हल्दौर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसाठ के सामने बिजनौर-मुरादाबाद हाई-वे की है। जहाँ आज सुबह करीब 05ः00 बजे आयशर कैन्टर संख्या यूपी 45 एटी 1303 की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या पीबी 05 एएफ 1818 से आमने-सामने की टक्कर हो गयी। घटना में ट्रक चालक मौ. शाह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी तथा क्लीनर अधीर कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी मिलकिया थाना पुआया जनपद शाहजहाँपुर को भी चोट आयी।
वहीं आयशर कैन्टर चालक सुशील वर्मा पुत्र रामयज्ञ वर्मा व क्लीनर पवन गुप्ता निवासी ग्राम रामपुर भागल जनपद अयोध्या भी गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें ईलाज हेतु बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ उपचार के दौरान कैन्टर चालक सुशील वर्मा की भी मौत हो गयी। स्थानीय पुलिस परिजनों को सूचित कर दिया गया है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















