स्मार्ट सिटी की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक, पश्चिमी यमुना नहर पर रीवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पर अब तेजी से काम हो गया है।

करनाल :- स्मार्ट सिटी की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक, पश्चिमी यमुना नहर पर रीवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पर अब तेजी से काम हो गया है। शनिवार को उपायुक्त एवं केएससीएल के सीईओ निशांत कुमार यादव ने साईट पर जाकर कार्य का निरीक्षण किया। उनके साथ एसडीएम करनाल आयुष सिन्हा, स्मार्ट सिटी कार्यालय के जीएम रमेश मढान, एक्सईएन सौरभ गोयल व स्पोर्ट इंजीनियर मोहन शर्मा भी थे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रीवर फ्रंट पर लगाई जा रही आयरन निर्मित ग्रिलों के कार्य को देखा, हाथ से पकडक़र खुद मजबूती चेक की। ऐसी 2000 ग्रिले लगेगी, जो यहां टहलने वालों को सुरक्षा प्रदान करेगी। काछवा पुल से कैथल रोड़ पुल तक करीब 2 किलो मीटर लम्बे स्ट्रेच पर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत पार्किंग स्पेस, साईकल ट्रैक, छोटे-छोटे पार्क , रोशनी की व्यवस्था और खूबसूरत टाईलों से पाथ वे बनाया जाएगा। रेलिंग नहर की पटरी के दोनों ओर लगाई जाएगी और उनके साथ कर्ब स्टोन लगेंगे।
इसे और खूबसूरती प्रदान करने के लिए कुछ-कुछ दूरी पर सुंदर दिखाई देने वाले पौधे लगाएं जाएंगे। मध्य में जहां भाखड़ा और एसवाईएल पश्चिमी यमुना नहर में पड़ती है, वहां पहले से ही मौजूद एक तिकोने पार्क को नया स्वरूप दिया जाएगा। इसमें खड़े हरे-भरे पौधों को इसी तरह रखेंगे, जबकि पार्क में खूबसूरत घास और नये पौधे लगाएं जाएंगे।
उपायुक्त ने रीवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पर काम कर रहे एजेंसी के कॉन्ट्रैक्टर को निर्देश दिए कि इसमें और तेजी लाई जाए। उन्होंने रीवर फ्रंट की कैथल पुल साईड पर उपलब्ध एक अन्य स्पेस पर बनाए जा रहे पार्किंग के कार्य का भी निरीक्षण किया। इससे पूर्व काछवा पुल साईड पर उपायुक्त ने प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यो के लिए प्रयुक्त होनी वाली सामग्री और तैयार की गई ग्रिलों का भी निरीक्षण किया। इसी साईड से एक अच्छे खासे स्पेस पर वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाया जाएगा, जिसे समतल बना दिया गया है।


















