मेला सुरक्षा पर उठे सवाल, पुलिस ने दिया आश्वासन”अनहोनी का इंतज़ार क्यों.?”- सुरक्षा इंतज़ामों को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
मेला सुरक्षा पर उठे सवाल, पुलिस ने दिया आश्वासन
“अनहोनी का इंतज़ार क्यों?” — सुरक्षा इंतज़ामों को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
स्योहारा (बिजनौर)। स्योहारा में चल रहे मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मानवाधिकार संगठन एवं समाचार मंच AIRA NEWS NETWORK द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर मेले में बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त की गईं।
पोस्ट में आरोप लगाया गया कि मेले में पर्याप्त पुलिस बल, निगरानी व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग, पार्किंग प्रबंधन तथा अन्य सुरक्षा संसाधनों की स्पष्ट व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि किसी आपात स्थिति या दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी होगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजनौर पुलिस ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए कहा कि “थाना प्रभारी स्योहारा को संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।”
हालांकि इसके बाद भी AIRA NEWS NETWORK की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया कि उद्देश्य किसी दुर्घटना की प्रतीक्षा करना नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पहले से पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम सुनिश्चित करना है। संगठन ने मेले में आपातकालीन निकास, अग्निशमन व्यवस्था, एम्बुलेंस सुविधा एवं भीड़ नियंत्रण के संबंध में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय नागरिकों के बीच भी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन द्वारा किए जाने वाले वास्तविक सुरक्षा इंतज़ामों पर टिकी हुई हैं।


















