फुलपुर में किशोरी का अपहरण :- मां बोली- फोन करके युवक करता था परेशान, मना करने पर दी थी धमकी; केस दर्ज

फूलपुर थाना क्षेत्र में किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थना पत्र में बताया कि किशोरी 2 अप्रैल को घर से कठिरांव बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ वाराणसी शहर ले गया। आरोपी ने कथित तौर पर फोन पर खुद यह स्वीकार किया कि वह किशोरी को अपने साथ लेकर गया है।
परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी पहले से किशोरी को फोन कर परेशान करता था। कुछ महीने पहले इसकी शिकायत युवक के परिवार से की गई थी। उस समय आरोपी ने धमकी दी थी कि वह किशोरी का अपहरण कर लेगा।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 137 (2) (अपहरण) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है और उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
वहीं, फुलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी की बरामदगी प्राथमिकता है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


















