ईंधन की बचत करना हम सभी का कर्तव्य : प्रो. आनन्द कुमार त्यागी

शिक्षाशास्त्र विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में ईंधन बचत जागरूकता रैली आयोजित
वाराणसी। शिक्षाशास्त्र विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में गुरुवार को बी.एड प्रशिक्षणार्थियों के स्काउट गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम में ईंधन बचत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्घाटन करते हुए काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र विश्व के प्रमुख तेल उत्पादक क्षेत्रों में से एक हैं, इसलिए वहां अस्थिरता होने पर ईंधन की समस्या होना स्वाभाविक है। ऐसी स्थिति में हम सभी का कर्तव्य बनता है कि हम ईंधन की बचत करें और ऊर्जा के प्रति जिम्मेदार बनें। प्रो. त्यागी ने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि यह एक सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी भी है।
विभागाध्यक्ष प्रो. रमाकान्त सिंह ने कहा कि छोटी दूरी के लिए पैदल चलें या साइकिल का उपयोग करें, वाहन की नियमित सर्विस कराएं, अनावश्यक रूप से इंजन चालू न रखें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाएं, भोजन बनाते समय ईंधन का सतर्कता से उपयोग करें। इस अवसर पर अतिरिक्त कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय, डॉ. राजेंद्र यादव, डॉ. सतीश कुशवाहा, स्काउट प्रशिक्षक जाकिर हुसैन, निलेश जायसवाल, धनंजय, महेंद्र आदि उपस्थित रहे।




























