चंदौली साइबर थाना प्रभारी हरिनारायण पटेल और एसआई मिर्जा रिजवान बेग और उनकी टीम को बड़ी सफलता

शातिर साइबर ठग सुधांशु राय उर्फ झब्बू प्रयागराज से गिरफ्तार
थाना साइबर क्राइम चंदौली की पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड के एक वांछित आरोपी को सफलतापूर्वक धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के सख्त निर्देशों और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम नामेन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
दिनांक 11 फरवरी 2026 को साइबर क्राइम थाना चंदौली की टीम ने आरोपी सुधांशु राय उर्फ शुभम राय उर्फ झब्बू राय (पुत्र स्व. योगेंद्र राय, उम्र 26 वर्ष, निवासी मारुति नगर कॉलोनी, छित्तुपुर, थाना लंका, जनपद वाराणसी) को नयापुरवा काली माता मंदिर क्षेत्र, थाना करेली, जनपद प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल किया गया एक OPPO मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
यह गिरफ्तारी मुकदमा संख्या 01/2026 के तहत दर्ज है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) (सामान्य इरादे से अपराध), 319(2) (चोट पहुंचाना), 318(4) (धोखाधड़ी), 338 (जालसाजी से संबंधित), 336(3) (जालसाजी की सजा), 340(1) (दस्तावेजों से छेड़छाड़) तथा आईटी एक्ट की धारा 66 शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर आम लोगों को बहला-फुसलाकर उनके बैंक खाते खुलवाता था। बाद में इन खातों को पैसे देकर खरीद लेता था और साइबर अपराधों (जैसे ऑनलाइन ठगी) में धन लेन-देन के लिए गलत तरीके से इस्तेमाल करता था। आरोपी ने बताया कि उसके तीन अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं।
आरोपी का आपराधिक इतिहास वर्तमान मामला: मु.अ.सं. 01/2026, थाना साइबर क्राइम चंदौली (उपरोक्त धाराएं)
पुराना मामला: मु.आ.सं. 110/2023, धारा 392/411 भादंस (डकैती/चोरी का माल रखना), थाना लंका, वाराणसी
गिरफ्तारी टीम में शामिल अधिकारी और कर्मचारी:
निरीक्षक हरिनारायण पटेल (प्रभारी थाना साइबर क्राइम चंदौली)
उप-निरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग (प्रभारी साइबर सेल जनपद चंदौली)
कांस्टेबल संतोष यादव (साइबर सेल)
कांस्टेबल संदीप कुमार (सर्विलांस सेल)
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की और कहा कि साइबर अपराधियों पर लगाम कसने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। जनता से अपील की गई है कि साइबर ठगी से सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना दें।


















