नशे को जड़ से खत्म करने के लिए विभाग आपसी तालमेल से करें कार्य: सोनू भट्ट

नशे को जड़ से खत्म करने के लिए विभाग आपसी तालमेल से करें कार्य: सोनू भट्ट
आईरा न्यूज़ नेटवर्क – खबर वही जो हो सही
संवादाता: सुमरिन जोगी
करनाल, 30 जुलाई। एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में लघु सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय नार्को समन्वय (एनकॉर्ड) बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल और तत्परता के साथ संयुक्त अभियान चलाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि नशे से प्रभावित गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और शिक्षण संस्थानों में स्टोरी-बेस्ड थीम पर गतिविधियों का संचालन कर बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाए।
स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने और नियमित डेटा जांचने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग को स्कूलों और कॉलेजों के 200 मीटर दायरे में नशीले पदार्थ बेचने वाली दुकानों पर रोक लगाने और पुलिस को तुरंत सूचना देने के निर्देश मिले। पुलिस विभाग को नशा बेचने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
सोनू भट्ट ने कहा कि नशा मुक्त भारत 2047 अभियान के तहत गृह मंत्रालय ने नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 शुरू की है। इस पर नागरिक नशीली दवाओं के व्यापार या तस्करी की जानकारी गुप्त रूप से साझा कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में जिला न्यायवादी डॉ. पंकज सैनी, डीएसपी संदीप कुमार, डीडीए वजीर सिंह, रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक, डीईओ सुदेश ठुकराल, डिप्टी सीएमओ सिम्मी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


















