कांग्रेस के संदीप सहगल को सीधी टक्कर देने भाजपा से दीपक बाली आए चुनावी अखाड़े में

काशीपुर/उत्तराखंड ( रिजवान अहसन),,,,, एक लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम मेयर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। काशीपुर से दीपक बाली को मैदान में उतारकर पार्टी ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
कांग्रेस ने पहले ही युवा नेता संदीप सहगल को टिकट देकर यूथ वोटर्स को साधने की कोशिश की थी। अब भाजपा ने दीपक बाली जैसे तेजतर्रार और हिंदुत्व के उभरते चेहरे को प्रत्याशी बनाकर साफ संकेत दे दिया है कि यह चुनाव आसान नहीं होने वाला। दीपक बाली के नाम की घोषणा होते ही रामनगर रोड स्थित उनके निवास पर समर्थकों का सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और जोश से भरे नारों ने माहौल को चुनावी जश्न में बदल दिया।
बीजेपी और कांग्रेस के बीच यह सीधा मुकाबला सर्दी के मौसम में राजनीतिक गर्माहट ला चुका है। अब नजरें टिकी हैं आने वाले दिनों पर, जहां यह साफ होगा कि यह चुनावी जंग किस ओर करवट लेगी।


















