न्यूज़

मोहन बागान सुपर जायंट से मात खा बैठी नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी

WhatsApp Image 2026-04-18 at 09.08.39
previous arrow
next arrow

गुवाहाटी, 8 दिसंबर: मोहन बागान सुपर जायंट ने रविवार को यहां इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 मुकाबले में मेजबान नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 2-0 से हरा दिया। मैरिनर्स की जीत में विंगर मनवीर सिंह ने 65वें और विंगर लिस्टन कोलासो ने 71वें मिनट में गोल किए। मोहन बागान सुपर जायंट के राइट-बैक आशीष राय को दोनों गोलों में सहायता प्रदान करने और दाहिने फ्लैंक पर विपक्षी स्टार स्ट्राइकर अलाद्दीन अजारेई को मौका नहीं देने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

आज, मैरिनर्स की शानदार जीत से स्पेनिश हेड कोच जोस मोलिना निश्चित रूप से प्रसन्न होंगे। मोहन बागान सुपर जायंट 10 मैचों में सात जीत, दो ड्रा और एक हार से 23 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान से फिर शीर्ष पर आ गए हैं। वहीं, हाईलैंडर्स की घरेलू मैदान पर हार से स्पेनिश हेड कोच जुआन पेड्रो बेनाली जरूर नाखुश होंगे। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड 11 मैचों में चार जीत, तीन ड्रा और चार हार से 15 अंक लेकर तालिका में छठे स्थान पर बनी हुई है।

मैच का पहला गोल 65वें मिनट में आया, जब राइट-विंगर मनवीर सिंह ने मोहन बागान सुपर जायंट को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। राइट-बैक आशीष राय से पास लेने के बाद मनवीर बायीं तरफ से कट-इन करते हुए एकदम सामने आए और फिर उन्होंने बॉक्स के बाहर से करारा लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गेंद को लेफ्ट कॉर्नर के अंदर गोल जाल में उलझा दिया जबकि गोलकीपर गुरमीत सिंह ने अपने दाहिनी तरफ डाइव लगाकर बचाव का प्रयास जरूर किया लेकिन वह नाकाम हुए।

71वें मिनट में लेफ्ट-विंगर लिस्टन कोलासो ने गोल करके मोहन बागान सुपर जायंट की बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। राइट-बैक आशीष राय अटैकिंग थर्ड पर पहुंचने के बाद क्रॉस डालकर कर फ्लैंक बदला, जहां मौजूद कोलासो गेंद लेकर थोड़ा आए और फिर उन्होंने से बायीं तरफ से बॉक्स अंदर घुसने के बाद करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को राइट कॉर्नर के अंदर पहुंचा दिया जबकि गोलकीपर गुरमीत सिंह अपने बायीं तरफ डाइव लगाकर भी बचाव नहीं कर पाए।

पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ, क्योंकि दोनों ही टीमें गतिरोध तोड़कर बढ़त बनाने में विफल रहीं। लिहाजा, हाफ टाइम ब्रेक पर स्कोर 0-0 था। गेंद पर ज्यादा नियंत्रण मोहन बागान सुपर जायंट का 59 फीसदी रहा। मैरिनर्स ने नौ प्रयास किए, जिनमें से दो शॉट टारगेट पर रखे लेकिन गोल नहीं आया। वहीं, गेंद पर 41 फीसदी कब्जा रखने वाली नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की तरफ से भी चार प्रयास किए गए, जिनमें से केवल एक शॉट टारगेट पर था लेकिन गोल नहीं आया।

यह आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 12वां मुकाबला था और आज मोहन बागान सुपर जायंट ने नौवीं जीत हासिल की है जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी एक बार जीती है। दो मैच ड्रा रहे हैं।

HALIMA BEGUM

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button