अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
मैनपुरी से अमन कुमार की रिपोर्ट
मैनपुरी/बेवर- उत्तर प्रदेश के जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में ननिहाल से लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की रिपोर्ट मृतक के पिता ने अज्ञात वाहन के खिलाफ दर्ज कराई है। थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अखिलेश कुमार निवासी सुल्तानपुर नवादा ने बताया कि उनका पुत्र अरुणेश उर्फ छम्मी अपनी ननिहाल प्रेमपुर से शनिवार अल सुबह वापस लौट रहा था। ग्राम नेकामऊ के पास चौहान कोल्ड स्टोर के सामने अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अरुणेश 28 वर्ष गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतक की पत्नी का रो – रो कर बुरा हाल है। मृतक के 1 पुत्र व एक पुत्री है।


















