लूट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस में चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

मुठभेड़ में दो बदमाश सहित एक सिपाही घायल बिजनौर रेफर
आईरा न्यूज नेटवर्क से विकास अग्रवाल
नगीना। एक सप्ताह पूर्व बैंक मित्र से 2 लाख 24 हजार की लूट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस में चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो बदमाश व एक सिपाही भी घायल हो गया। पकड़े गए तीनों बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध शस्त्र, मोटरसाइकिल व लूट के 45 हजार 500 रुपए बरामद हुए।

मंगलवार की रात मुखबिर की सूचना पर चैकिंग के दौरान नगीना-हरेवली मार्ग पर पुलिस द्वारा संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो बाईक सवार बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी, पुलिस टीम द्वारा सूझबूझ से की गयी घेराबंदी एवं जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाश शेखर निवासी ग्राम जीतपुर पडली, मोहन सैनी निवासी नियामतपुर थाना नगीना व बासु गौतम निवासी मनोहर वाली थाना नजीबाबाद को कुछ ही दूरी पर पकड लिया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से 2 तमंचा 12 बोर मय 2 जिंदा व 2 खोखा कारतूस, 1 चाकू, स्पलेन्डर मोटरसाइकिल नं0 UP20CD0933 व 45 हजार 500 रुपये बरामद किये गये। फायरिंग के दौरान पुलिस टीम में शामिल आरक्षी सोनू कुमार को दाहिने हाथ में व बदमाश मोहन व बासु के पैर में गोली लगने से घायल हो गए जिन्हें पुलिस टीम द्वारा तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उपरोक्त बदमाशों ने 12 अक्टूबर को दिनदहाडे बैंक मित्र से करीब सवा दो लाख रूपये की नगदी छीनकर फरार हो गये थे। उक्त घटना में सहयोग करने वाले 03 अन्य साथी उज्जवल चौहान पुत्र महेंद्र सिंह निवासी लाल वाला व सलमान पुत्र अब्दुल हफीज निवासी भूरापुर, अभिषेक पुत्र चेतराम निवासी हसन अलीपुर भोगन थाना नगीना भी गिरफ्तार हुए है। पकड़े गए तीनों बदमाशों के ऊपर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया। पुलिस मुठभेड़ कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रिंस शर्मा, क्राइम प्रभारी किरण पाल सिंह, एसआई कुलदीप राणा, अशोक कुमार , सत्येंद्र कुमार डागर ,कांस्टेबल सोमेश कुमार ,आशीष कुमार ,रवि कुमार, सोनू कुमार, रविंदर कुमार, सहित कई अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।

















