भगवान के घर पर चोरों की नज़र,एक माह में आधा दर्जन वारदातें, पुलिस जांच सीसीटीवी तक सीमित

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,नगर में मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों से भक्तों और नागरिकों में भारी आक्रोश है। चोरों ने खासकर कटोराताल पुलिस चौकी क्षेत्र के मंदिरों को निशाना बना रखा है। पिछले एक महीने में आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। जांच का दायरा सिर्फ सीसीटीवी फुटेज खंगालने तक सिमट गया है।
बीती रात दो मंदिरों में धावा
शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने शमशान घाट रोड स्थित प्राचीन गंगे बाबा मंदिर में धावा बोल दिया। चोर यहां से नाग देवता की मूर्ति, कलश और तांबे का भारी भरकम लोटा चोरी कर ले गए। इसी रात मौहल्ला पक्काकोट स्थित नागनाथ मंदिर में भी चोर घुसे। वहां दानपात्र का ताला तोड़कर हजारों रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने हनुमान मंदिर समेत अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों से भी कलश, घंटे और दानपात्र चोरी कर लिए।
नागनाथ मंदिर में तो चोर सीढ़ी लगाकर मुख्य द्वार के ऊपर बनी शिव परिवार की प्रतिमाओं पर लगे कलश तक उतार ले गए।
तीन दिन पहले ही गंगे बाबा मंदिर से तांबे का लोटा और भगवान हनुमान जी की गदा चोरी हुई थी। चार दिन पूर्व नागनाथ मंदिर में भी चोर घुसे थे, लेकिन मंदिर के पुजारी गणेशनाथ गिरी के जाग जाने पर चोर दीवार फांदकर भाग गए थे।
एक माह में कई मंदिर बने निशाना
- मानपुर रोड शिव मंदिर: पखवाड़े भर पहले दानपात्र, प्रतिमाओं पर लगे कलश, नाग और घंटियां चोरी।
- रामनगर रोड नागन शक्ति मंदिर: तीन-चार दिन पहले दानपात्र तोड़कर करीब 60 हजार रुपये नगद और अन्य सामान चोरी।
- स्टेडियम के पास पान-बीड़ी की दुकान: इसी दौरान दुकान के ताले तोड़कर हजारों की सिगरेट, पान-मसाला और नगदी चोरी।
सूत्रों की मानें तो इन चोरियों के पीछे सबसे ज्यादा हाथ नशेड़ियों का है। नगर में नशेड़ी अपनी लत पूरी करने के लिए किसी भी हद तक गिर रहे हैं। भगवान के घर को भी नहीं बख्श रहे।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस एक माह से हो रही चोरियों को खोलने में नाकाम है। हर घटना के बाद पुलिस सिर्फ सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेती है। बीती रात की घटनाओं के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने गंगे बाबा मंदिर और नागनाथ मंदिर पहुंचकर मौका मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए।
लगातार हो रही घटनाओं से भक्तों में मंदिरों की सुरक्षा को लेकर असंतोष पनप रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त बढ़ाए और रात्रि में मंदिरों के आसपास निगरानी कड़ी करे। अब देखना है कि पुलिस इन चोरियों का कब तक पर्दाफाश कर पाती है और चोरों को पकड़ने में कामयाब होती है।


















