पंचायत चुनाव को लेकर खंड स्तरीय बैठक का हुआ आयोजन…

खजयरहो-(सत्यव्रत पांडेय)-पंचायत चुनाव को लेकर खंड स्तरीय बैठक का हुआ आयोजन…
आगामी पंचायत चुनाव को लेकर राजनगर तहसील से रिटर्निंग ऑफिसर तहसीलदार विजय कुमार सेन के निर्देशन में आज नगर परिषद खजुराहो में खंड स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें चुनाव को लेकर विभिन्न तकनीकी पहलुओं से संदर्भित जानकारी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपस्थित अधिकारियों को प्रदान की गई ।
विदित हो राजनगर जनपद के पंचायत चुनाव प्रथम चरण यानी 25 जून को होंगे जिसको लेकर नामांकन की प्रक्रिया 30 मई से 6 जून तक सुबह 10:30 से 3:00 तक चिन्हित स्थलों पर संपन्न कराई जाएगी, नाम वापसी 10 जून को एवं अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना व चुनाव चिन्ह वितरण इत्यादि 10 जून के पश्चात होगा जबकि मतों की गणना मतदान स्थल पर ही 25 जून को होगी ।
नामांकन दाखिल करने के लिए पंच पद हेतु ₹400, सरपंच पद हेतु ₹1000, जनपद पंचायत के लिए 4000 एवं जिला पंचायत के लिए ₹8000 शुल्क देय होगा, जबकि आरक्षित पदों के अभ्यर्थियों हेतु उक्त फीश का 50% देय है ।
राजनगर तहसील के तहसीलदार एवं रिटर्निंग ऑफिसर विजय कुमार सेन ने उपरोक्त आशय की जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों के नामांकन निर्धारित तिथि व समय से ही प्राप्त किए जाएंगे रविवार के दिन अवकाश रहेगा जबकि अंतिम दिन 6 जून को उपस्थित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से 5 मिनट पहले पर्ची प्रदान की जाएगी जिससे कि सभी उम्मीदवार अपने – अपने नामांकन दाखिल कर सकें ।
बैठक में खजुराहो एसडीओपी श्री मनमोहन सिंह बघेल ने कहा कि हम चुनाव की प्रक्रिया को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने हेतु पूरी तरह से तैयार हैं , एवं आपने अनुरोध भी किया कि किसी भी तरह के सोशल मीडिया में प्रसारित भ्रामक प्रचार में ना आए और अगर कोई इस तरह के गलत प्रचार प्रसार या भ्रम फैलाने की स्थिति पैदा करते हैं तो उनके स्क्रीनशॉट लेकर उन तक भेजे जाएं जिससे कि वह उचित कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित कर सके , वही आपने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा जी के निर्देशन में इन दिनों लगातार वैसे भी ” एक शाम गांव के नाम ” कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से जुड़कर गांव की समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं ।
राजनगर जनपद के सीईओ श्री प्रीतपाल सिंह बागरी ने कहा कि हम ने जो कुछ गलतियां पिछली बार के नामांकन के समय की हो उन्हें सुधारने का प्रयास करें क्योंकि हमारे पास पिछले अनुभव हैं अतः हमें अनुभव के आधार पर कार्य करते हुए चुनाव की प्रक्रिया को संपन्न कराना है जहां कहीं भी आवश्यकता हो तो उसके लिए वह सदैव उपस्थित है चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्वक एवं अच्छे तरीके से निपटाने के लिए हम सभी वचनबद्ध हैं ।
आज की बैठक में नायब तहसीलदार विजय कांत त्रिपाठी के अलावा तहसील कार्यालय से अंसारी बाबू , खजुराहो, राजनगर एवं बमीठा थाना के थाना प्रभारी तथा सभी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा मीडिया कर्मी उपस्थित रहे ।
राजीव शुक्ला पत्रकार खजुराहो

















