25 सितंबर को भव्य तरीके से होगा साइक्लोथॉन का समापन, करनाल में बड़ी संख्या में पहुंचेंगे युवा- उपायुक्त

सुमरीन योगी
करनाल
25 सितंबर को भव्य तरीके से होगा साइक्लोथॉन का समापन, करनाल में बड़ी संख्या में पहुंचेंगे युवा- उपायुक्त
उपायुक्त अनीश यादव और घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने कार्यक्रम स्थल का चयन करने के लिए किया दौरा
1 सितंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरी झंडी दिखाकर किया था साइक्लोथॉन रैली को रवाना
करनाल, 8 सितंबर- डीसी अनीश यादव ने कहा कि 25 सितंबर को करनाल में साइक्लोथॉन रैली का भव्य तरीके से समापन होगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस दिन बड़ी संख्या में युवा पहुचेंगे और नशे के खिलाफ इस रैली में अपनी जनभागीदारी सुनिश्चित करेंगे। शुक्रवार को डीसी अनीश यादव व घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण ने साइक्लोथॉन रैली के आयोजन स्थल का चयन करने के लिए स्वयं दौरा किया।
डीसी अनीश यादव और विधायक हरविंद्र कल्याण ने आला अधिकारियों के साथ ट्रांसपोर्ट नगर के नजदीक सेक्टर-4 ग्राउंड और सेक्टर-12 स्थित ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एचएसवीपी के अधिकारियों से दोनों जगहों के बारे में जानकारी ली। दौरे के बाद डीसी अनीश यादव ने कहा कि करनाल में 25 सितंबर को साइक्लोथॉन रैली का समापन समारोह आयोजित होगा। उसको लेकर जल्द ही जगह तय कर ली जाएगी। इस समापन समारोह में बड़ी संख्या में युवा नशे के खिलाफ शुरू की गई इस मुहिम का हिस्सा बनेंगे।
स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे कार्यक्रम में शामिल- विधायक हरविंद्र कल्याण
घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने कहा कि 1 सितंबर को करनाल से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी दिखाई थी। इस रैली का समापन करनाल में ही 25 सितंबर को होगा और स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में युवाओं का बड़ा जनसमूह शामिल होगा। साइक्लोथॉन रैली ने प्रदेश के सभी जिलों में घूमकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया है, यह अपने आप में सराहनीय है।
इस दौरान एसडीएम करनाल अनुभव मेहता, एसडीएम घरौंडा अदिति, ईओ एचएसवीपी अनुपमा सांगवान, कार्यकारी अभियंता धर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


















