शहरी क्षेत्र में ईसन नदी के दोनों किनारों पर प्राथमिकता पर कराया जाए सीमांकन, प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रचलन रोके जाने हेतु की जाये प्रभावी कार्यवाही – जिलाधिकारी।

शहरी क्षेत्र में ईसन नदी के दोनों किनारों पर प्राथमिकता पर कराया जाए सीमांकन, प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रचलन रोके जाने हेतु की जाये प्रभावी कार्यवाही – जिलाधिकारी।
आईरा न्यूज़ नेटवर्क स्टेट ब्यूरो सुबोध कुमार
मैनपुरी 10 मार्च, 2025– इस वर्ष निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य की पूर्ति हेतु तत्काल भूमि का चिन्हांकन, गड्ढा खुदान की सूचना निर्धारित प्रारूप पर वन विभाग को उपलब्ध कराई जाए, गत वर्ष वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जो भी पौधे रोपित किए गए हैं, उनकी जीवितता पर विशेष ध्यान दिया जाए, संबंधित अधिकारी नियमित रूप से पौधा रोपण स्थलों का भ्रमण करें, पौधे कागजों में नहीं धरातल पर विकसित होते दिखाई दें, जिन ग्रामों में ग्राम गंगा समितियों का गठन हो चुका है, वहां प्रतिमाह ग्राम गंगा समितियों की बैठकों का आयोजन कर ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट, गंदगी नहरों, नदियों में प्रवाहित न करने हेतु जागरूक किया जाए साथ ही प्रतिमाह बैठक का कार्यवृत्त प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी को उपलब्ध कराया जाए, प्रतिबंधित पॉलिथीन की बिक्री किसी भी दशा में न हो, अधिशासी अधिकारी नगरीय क्षेत्रों में एवं खंड विकास अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिबंधित पॉलिथीन की बिक्री करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर उनसे जुर्माना वसूलें।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की मासिक समीक्षा के दौरान देते हुये कहा कि बार-बार निर्देशों के बाद भी शहरी क्षेत्र में ईसन नदी के जीर्णाेद्धार के कार्य पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने अधिशासी अभियंता सिंचाई को आदेशित करते हुए कहा कि अपर जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर शहरी क्षेत्र में ईसन नदी के दोनों ओर के किनारों का सीमांकन का कार्य प्राथमिकता पर कराकर जहां अनाधिकृत अतिक्रमण पाए जायंे तत्काल हटवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गत वर्ष वन महोत्सव के दौरान जो पौधे रोपित किए गए हैं, उसके जीवितता की रिपोर्ट नियमित रूप से वन विभाग को उपलब्ध करायें, नोडल अधिकारी अपने-अपने साइट का निरंतर सत्यापन करें, सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक पौधे विकसित हों। उन्होने असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि इस वर्ष के वृक्षारोपण का लक्ष्य आवंटित कर सभी सम्बन्धित अधिकारियों को लक्ष्य की पूर्ति हेतु स्थल चयन एवं गड्ढा खुदान की सूचना वन विभाग को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गये थे लेकिन 01 माह व्यतीत होने के पश्चात मात्र 04 विभागों द्वारा ही स्थल चयन की सूचना उपलब्ध करायी गयी है। उन्होने सचेत करते हुये कहा कि सभी सम्बन्धित विभाग 01 सप्ताह में सूचना निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने अधिशासी अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रचलन रोके जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करें, अभियान चलाकर प्रतिबंधित पॉलिथीन की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही कर उनसे जुर्माना वसूला जाए, एम.आर.एफ. सेंटर संचालित रहे ताकि कूड़े का बेहतर ढंग से निस्तारण हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वनिकी संजय कुमार मल्ल, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पांडेय, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी ए.के. चतुर्वेदी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय के अलावा अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राजीव दीक्षित ने किया।


















