वाराणसी में कार खड़ी करने पर बवाल :- झारखंड से घूमने आए 3 युवकों ने दुकानदार को पीटा, अरेस्ट

वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट मार्ग के मोड़ पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निरीक्षण से पहले कुछ पर्यटक युवकों ने एक दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, चारपहिया वाहन से बनारस घूमने आए युवकों का किसी बात को लेकर स्थानीय दुकानदार से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी युवक उनसे भी उलझ पड़े और स्थिति को और बिगाड़ने की कोशिश करने लगे।
पुलिस ने तीन को पकड़ा
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को वाहन समेत मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान झारखंड के रांची निवासी अमन कुमार और हर्ष सिंह तथा बिहार के रोहतास जिले के विक्रमगंज निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है।
इस बारें में एसीपी गौरव कुमार ने बताया- आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।


















