युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मृतक के परिजनों ने पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने का लगायाआरोप

बिजनौर। नहटौर थानाक्षेत्र के गाँव माहू नंगली में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताते चलें कि नहटौर थानाक्षेत्र के ग्राम माहू नंगली निवासी यशपाल सिंह पुत्र दयाराम सिंह (35 वर्ष) अपने चाचा सीताराम की जायदाद पर रहता था। बीती रात्र उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पत्नी पर उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को शील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी ने मीडिया को बताया कि देर रात्रि घर लौटने पर यशपाल सिंह को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। जिस पर उसने चारपाई पर लेटाकर चिकित्सक को बुलाया जिसने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के मासूम पुत्र अश्विनी ने बताया कि उसके पिता की हत्या विनित नाम के युवक ने माँ से साथ मिलकर की है। मृतक के गले व नाक पर चोट के निशान मासूम की बात को बल देते हैं। मृतक के चाचा सीताराम ने बताया कि मृतक की पत्नी के पास उसके मायके ग्राम फरीदपुर भेंडी, थाना छजलैट, जनपद मुरादाबाद निवासी विनित नाम का युवक आता था। जिस पर वह खुद कई बार आपत्ति जता चुके थे। घटना के वक्त वह घर पर नहीं थे अन्यथा ऐसी घटना ही नहीं होती। बतातें चले कि मृतक यशपाल को उसके चाचा सीताराम ने ही गोद उठा रखा था तथा मृतक का परिवार उनके ही साथ रहता था। फिलहाल यशपाल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। यशपाल सिंह की मौत को लेकर गाँव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रभारी निरीक्षक नहटौर राधेश्याम ने इस संबंध में बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।


















