युवक की मौत के बाद हरकत में आया स्वास्थ विभाग। कैम्प लगाकर बनाई स्लाइड, कराया एंटीलार्वा का छिड़काव

बिजनौर। नहटौर के युवक की नोएडा में अज्ञात बुखार से मौत होने के बाद उसका पार्थिव शरीर नगर के मौहल्ला अफगान स्थित पैतृक आवास पर पहुँचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतते हुए संचारी रोगों की रोकथाम के लिये मौहल्ले में एंटीलार्वा कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। साथ ही लोगों को संचारी रोगों से बचाव व रोकथाम की जानकारी दी।
बता दें कि नहटौर के अफगान निकट जामा मस्जिद निवासी मयंक पुत्र संजय अग्रवाल नोएडा में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वहाँ दो दिन पूर्व आये बुखार से उसकी तबीयत बहुत अधिक बिगड़ गई। उपचार के बावजूद तबीयत में सुधार न होने पर उसके मित्रों ने परिजनों को जानकारी दी। आनन-फानन में नोएडा पहुंचे परिजन उसे लेकर घर आ रहे थे कि उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मयंक के शव को परिजनों द्वारा उसके पैतृक आवास पर लाया गया तथा गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। शुक्रवार को घटना की सूचना मिलने पर हरकत में आये स्वास्थ विभाग ने तत्काल मौहल्ले में बीपीएम अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम भेजकर एंटीलार्वा कीटनाशक तथा चूने आदि का छिड़काव कराया तथा जाँच के लिये परिजनों सहित मौहल्ले वालों की स्लाइड बनाई। साथ ही कैम्प लगाकर लोगों को संचारी रोगों के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए उनकी रोकथाम के लिये जागरूक किया। इस अवसर पर बीसीपीएम राजेश कुमार, बीएसडब्लू आशीष चौधरी, एलटी अमित कुमार, एचडब्ल्यू दिपेन्द्र कुमार आदि उपस्थित रहे।

जनपद बिजनौर आईरा न्यूज़ नेटवर्क महकार सिंह तोमर
















