मेला समाप्ति के बाद 29 अप्रैल को नगर निगम चलाएगा स्वच्छता अभियान

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,श्री चैती मेला समाप्त होने के बाद नगर निगम काशीपुर 29 अप्रैल, बुधवार को सुबह 7 बजे मेला परिसर में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाएगा। ‘जहां उत्सव, वहां स्वच्छता’ कार्यक्रम के तहत यह महाअभियान आयोजित किया जाएगा।
महापौर दीपक बाली ने शहरवासियों से इस स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चैती मेला जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महापौर ने कहा कि चैती मेला अब समाप्त हो चुका है, ऐसे में मेला परिसर की सफाई करना हमारा कर्तव्य है ताकि यहां स्थित धार्मिक स्थलों की पवित्रता और स्वच्छता बनी रहे। इस क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं, उन्हें यहां स्वच्छता का एहसास होना चाहिए। इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस अभियान में शामिल होकर काशीपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।


















