मेयर रेनू बाला गुप्ता ने वार्ड 13 में सीवर लाईन डाले जाने के कार्य का किया शुभारम्भ।

एस आर योगी
मेयर रेनू बाला गुप्ता ने वार्ड 13 में सीवर लाईन डाले जाने के कार्य का किया शुभारम्भ।


जवाहर मार्किट, बकरा मार्किट व मोची मौहल्ला में डलेगी 2100 मीटर लम्बी लाईन, सीवरेज लिकेज व पानी में मिक्सिंग की समस्या का होगा स्थाई समाधान-मेयर।
करनाल 22 सितंबर, महापौर रेनू बाला गुप्ता ने शुक्रवार को वार्ड नम्बर 13 की जवाहर मार्किट क्षेत्र में सीवर लाईन डाले जाने के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद ईश गुलाटी व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग डिविजन-2 के इंजीनियर मौजूद रहे।
महापौर रेनू बाला गुप्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सीवरेज व वाटर सप्लाई प्रोवाईडिंग के काम जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से करवाए जाने हैं। इसके तहत डिविजन-2 की ओर से शहर के 9 वार्डों में नई सीवर लाईन डाली जानी है। इस कार्य के लिए इनके इंजीनियरों की ओर से पहले सर्वे का कार्य पूरा किया गया। उसके बाद अनुमान तैयार कर, इसे करवाने के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई।
उन्होंने बताया कि वार्ड नम्बर 15 व 16 में इन कार्यों की शुरूआत पहले ही हो चुकी है और शुक्रवार से वार्ड 13 में करीब 2100 मीटर नई सीवर लाईन डाले के कार्य की शुरूआत की गई है। यह सीवर लाईन जवाहर मार्किट, बकरा मार्किट व मोची मौहल्ला क्षेत्र में डाली जाएगी। मेयर ने बताया कि इन क्षेत्रों में सीवरेज के लिकेज होने की समस्या पिछले कुछ समय से बनी हुई थी। कई बार पीने के पानी में मिक्सिंग होने की समस्या भी सामने आती थी। लेकिन इसे ठीक करने के लिए नगर निगम द्वारा निरंतर मेन्टेनेंस कार्य करवाए जा रहे थे, परंतु इस समस्या का पूर्ण समाधान करवाना आवश्यक था, जो अब होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड पार्षद की ओर से भी इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे थे, जो सफल हुए हैं।
इन 9 वार्डों में डलेगी सीवर लाईन- महापौर ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के वार्ड नम्बर 4, 7, 12, 13, 14, 15, 16, 18 व वार्ड 19 में नई सीवर लाईन डाली जानी है। इस कार्य में कुल 17 किलोमीटर पाईप लाईन डाली जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से अनुमानित साढे 7 करोड़ रुपये का अनुमान तैयार किया गया है।
महापौर ने शुभारम्भ करने के पश्चात नागरिकों को सम्बोधित करते बताया कि हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी करनाल के हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं जैसे सडक़ें, स्वच्छ पेयजल, सीवर लाईने व बरसाती पानी की निकासी के सुदृढ़ीकरण इत्यादि कार्यों को करवा रहे हैं, ताकि शहर वासियों को इन सुविधाओं से लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में जहां, जिन विकास कार्यों की जरूरत है, वह करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मेयर ने कहा कि इन सभी विकासात्मक कार्यों से लोगों के रहन-सहन के साथ-साथ उनका जीवन स्तर भी बेहतर हुआ है।
उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियरों व निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि गलियों की खुदाई का कार्य सही तरीके से करवाएं, ताकि नागरिकों के आने-जाने का रास्ता बना रहा और उन्हें परेशानी न हो। सीवर लाईन की गहराई व उसका लेवल सही रखा जाए, ताकि गंदे पानी की पर्याप्त निकासी बनी रहे। उन्होंने उप मंडल अभियंता गौरव सैनी व कनिष्ठï अभियंता संजीव कुमार व नितांत गुप्ता से कहा कि वह कार्य की पूर्ण निगरानी रखें, ताकि सारा कार्य सही और समय पर पूरा करवाया जा सके।
इस मौके पर वार्ड निवासियों की ओर से महापौर रेनू बाला गुप्ता का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। वार्ड पार्षद ईश गुलाटी ने भी महापौर का उनके वार्ड में पधारने पर स्वागत किया और उनके वार्ड में निरंतर विकास कार्य करवाने को लेकर हरियाणा सरकार व महापौर का धन्यवाद किया। इस अवसर पर मुकेश गहलोत, इंदर गहलोत, अनिल, राकेश, कर्ण, सिब्बु चहल, सुभाष व पंकज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व महिलाएं शामिल रहीं।
फोटो कैप्शन:- महापौर रेनू बाला गुप्ता वार्ड 13 की जवाहर मार्किट में नई सीवर लाईन डाले जाने के कार्य की शुरूआत करवाते हुए।
महापौर रेनू बाला गुप्ता सीवर लाईन डालने को लेकर इंजीनियर को निर्देश देते हुए।


















