मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती गिरफ्तार; शरण देने वाले परिजनों पर मुकदमा और पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम

चन्दौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में चन्दौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 33 गंभीर मुकदमों वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके दोनों पैरों में जवाबी कार्यवाही में गोली लगी है।
इस कार्यवाही के साथ ही पुलिस ने अपराधी को शरण देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में उसके परिजनों के विरुद्ध थाना सकलडीहा में अभियोग पंजीकृत किया है। साथ ही, फरार आरोपी भोला पर एसपी ने 25,000 रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। इस साहसिक कार्य को अंजाम देने वाली स्वाट व सर्विलांस टीम की कार्यकुशलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें संयुक्त रूप से 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
एसपी आकाश पटेल ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।


















